Navratri 2025: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी हर त्योहार को पारंपरिक अंदाज में मनाने के लिए जानी जाती हैं. इस बार नवरात्रि 2025 के अवसर पर उन्होंने अपने घर पर मां अम्बा की भव्य पूजा-अर्चना की. इस मौके पर नीता अंबानी ने एक अनोखे बहुरंगी बनारसी लहंगे में दर्शन दिए, जिसने सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं.
नीता अंबानी ने जो पारंपरिक लहंगा चुना, वह दिल्ली के मशहूर फैशन ब्रांड जेड बाय मोनिका एंड करिश्मा द्वारा तैयार किया गया था. यह लहंगा नौ चटख रंगों से सुसज्जित था, जो देवी दुर्गा के नौ रूपों का प्रतीक है. लहंगे पर जरी का बारीक काम, हाथ की जटिल कढ़ाई और पैचवर्क ने इसे और भी शानदार बना दिया. फैशन लेबल ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, 'इस साल अपने घर पर नवरात्रि समारोह के लिए, श्रीमती नीता अंबानी ने एक शानदार लहंगा-चोली में अपनी खूबसूरती बिखेरी, जिसे एक सच्चे नवरंग के रूप में देखा जा सकता है.'
नीता अंबानी ने अपने लुक को गुलाबी और नारंगी लहरिया दुपट्टे के साथ पूरा किया. यह दुपट्टा राजस्थान की पारंपरिक टाई-डाई तकनीक से बनाया गया था. डिजाइनर्स के मुताबिक, 'लहराते लहरिया दुपट्टे को जमीनी स्तर के कारीगरों ने प्राचीन तकनीकों का उपयोग करके रंगा है. यह गति, परंपरा और शिल्प का एक आदर्श संगम है, जो गुजरात की आत्मा से प्रेरित है और मां अम्बा को श्रद्धांजलि देता है.'
नीता अंबानी ने अपने भारी लहंगे को बहु-परत वाले हीरे और पन्ने के हार, स्टेटमेंट इयररिंग्स, मांग टीका, रंग-बिरंगी चूड़ियों और बड़ी अंगूठी के साथ पेयर किया. उनके इस शाही रूप ने नवरात्रि के जश्न में चार चांद लगा दिए.
मेकअप आर्टिस्ट मिकी कॉन्ट्रैक्टर ने नीता अंबानी को इस मौके पर सजााया. उनके मेकअप में विंग्ड आईलाइनर, काजल, मस्कारा-कोटेड लैशेज, ब्लश्ड गाल और ग्लॉसी न्यूड लिपस्टिक शामिल थे. माथे पर लाल बिंदी और मिडिल पार्टेड बन हेयरस्टाइल ने उनके पूरे लुक को पारंपरिक और दिव्य स्पर्श दिया. नीता अंबानी के नवरात्रि लुक की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. नेटिजन्स ने उन्हें 'नवरात्रि क्वीन' कहते हुए जमकर तारीफ की. कई यूजर्स ने लिखा कि नीता अंबानी का यह रूप देवी के आशीर्वाद और भारतीय परंपरा की सच्ची झलक है.