menu-icon
India Daily

'तुम्हारा सिर फाड़ दूंगा और तुम्हारे दिमाग पर पेशाब करूंगा', जेनसन हुआंग पर लगे कर्मचारी को धमकाने के आरोप 

Nvidia के पूर्व CEO जेनसन हुआंग पर कर्मचारियों को अपमानित करने और हिंसक धमकियां देने के आरोप लगे हैं. न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कंपनी की कार्यसंस्कृति पर सवाल उठाए गए हैं.

Sagar
Edited By: Sagar Bhardwaj
'तुम्हारा सिर फाड़ दूंगा और तुम्हारे दिमाग पर पेशाब करूंगा', जेनसन हुआंग पर लगे कर्मचारी को धमकाने के आरोप 
Courtesy: X

दुनिया की दिग्गज चिप निर्माता कंपनी Nvidia के सह-संस्थापक और पूर्व CEO जेनसन हुआंग पर कर्मचारियों के साथ बदसलूकी और उन्हें हिंसक धमकियां देने के गंभीर आरोप लगे हैं. द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक जांच रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग कर्मचारियों को सबके सामने अपमानित करते थे और बेहतर प्रदर्शन के नाम पर उन्हें डराते-धमकाते थे. एक कर्मचारी से उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि वह उसका सिर फाड़ देंगे और उसके दिमाग पर पेशाब करेंगे. वहीं, दूसरे कर्मचारी को हाथ उखाड़कर उन्हीं से पीटने की धमकी दी थी.

कर्मचारियों को सबके सामने करते थे अपमानित

न्यूयॉर्क टाइम्स की यह रिपोर्ट एक दर्जन से अधिक मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों के इंटरव्यू, सैकड़ों पन्नों के दस्तावेजों और अदालती रिकॉर्ड पर आधारित है. इसमें दावा किया गया है कि Nvidia में सार्वजनिक रूप से कर्मचारियों का अपमान करना और उनकी काबिलियत पर सवाल उठाना प्रबंधन का हिस्सा बन गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने एक अधिकारी से यहां तक कहा था कि उसकी मां को उसे जन्म देने से पहले ही गर्भपात करा लेना चाहिए था. वह कर्मचारियों को बेहतर बनाने के नाम पर उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करने की बात भी कहते थे. उनका कथित बयान था, 'मैं तुम्हें महान बनाने के लिए प्रताड़ित करना पसंद करूंगा, क्योंकि मुझे तुम पर भरोसा है.'

2004 से सामने आने लगे थे आरोप

हुआंग के व्यवहार को लेकर शिकायतें साल 2004 से सामने आने लगी थीं. उस समय माइकल विंस्टन Nvidia में मानव संसाधन विभाग के वरिष्ठ उपाध्यक्ष थे. उन्होंने करीब 50 कर्मचारियों की मौजूदगी वाली एक बैठक में हुआंग को एक कर्मचारी को धमकी देते हुए देखा था. रिपोर्ट के अनुसार, हुआंग ने कर्मचारी से कहा था कि अगर उसने काम पूरा नहीं किया तो वह उसका दिल निकालकर कुचल देंगे. विंस्टन ने इस व्यवहार पर आपत्ति जताई और चेतावनी दी कि इससे कंपनी कानूनी मुश्किलों में फंस सकती है.

हालांकि, हुआंग ने उनकी बात खारिज करते हुए सार्वजनिक अपमान को कर्मचारियों के लिए एक तरह की परीक्षा बताया. उनका मानना था कि नए कर्मचारियों को शुरुआती छह महीनों में इस तरह के व्यवहार से गुजरना चाहिए, ताकि उनकी सहनशक्ति परखी जा सके.

नौकरी से निकाले गए HR अधिकारी

नवंबर 2004 में विंस्टन को नौकरी से निकाल दिया गया. इसके बाद उन्होंने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी और आरोप लगाया कि हुआंग के व्यवहार पर सवाल उठाने के कारण उन्हें कंपनी से हटाया गया. बाद में Nvidia ने उनके साथ 10 लाख डॉलर से अधिक का गोपनीय समझौता किया. हालांकि, इस समझौते में किसी भी पक्ष ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की. कंपनी के पूर्व वकील स्टीफन पेटिग्र्यू ने भी कंपनी के कामकाज पर सवाल उठाए थे और 2007 में मुकदमा दायर किया था. यह विवाद 2009 में अदालत के बाहर समझौते के जरिए खत्म हुआ.

कंपनी की सफलता के बाद भी नहीं बदला रवैया

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि Nvidia की आर्थिक सफलता बढ़ने के साथ हुआंग का कर्मचारियों के प्रति रवैया और कठिन होता गया. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की बढ़ती मांग के कारण कंपनी के कारोबार और बाजार मूल्य में जबरदस्त इजाफा हुआ. इससे कई कर्मचारी भी अमीर बन गए. हुआंग का मानना था कि कर्मचारियों को मिलने वाला आर्थिक फायदा उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के लिए पर्याप्त नहीं है. इसलिए वह अपमान और दबाव को काम में तेजी लाने का तरीका मानते थे.

कुछ कर्मचारी करते थे हुआंग की तारीफ

हालांकि, कंपनी के सभी कर्मचारी हुआंग के व्यवहार से नाखुश नहीं थे. कई लोग उनकी तकनीकी समझ, कारोबारी फैसलों और भविष्य के अवसरों को पहचानने की क्षमता की तारीफ करते थे. Nvidia को AI कंप्यूटिंग की दिशा में ले जाने का उनका फैसला कंपनी की सफलता की बड़ी वजह बना. रिपोर्ट के मुताबिक, कर्मचारियों के बीच हुआंग को लेकर प्रशंसा और डर का मिला-जुला माहौल था. कुछ कर्मचारियों ने अपने और हुआंग के रिश्ते की तुलना स्टॉकहोम सिंड्रोम से भी की.

आरोपों पर Nvidia और हुआंग का जवाब

इस रिपोर्ट ने Nvidia की नेतृत्व शैली और कंपनी के कार्यस्थल के माहौल पर सवाल खड़े किए हैं. Nvidia ने जांच रिपोर्ट पर टिप्पणी करने से इनकार किया है. वहीं, हुआंग के प्रवक्ता ने माइकल विंस्टन के आरोपों को मनगढ़ंत बताया है. रिपोर्ट में हुआंग के CEO पद छोड़ने और बोर्ड के उन्हें दोबारा नियुक्त नहीं करने के फैसले का भी जिक्र किया गया है.