menu-icon
India Daily

डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, जयपुर में सड़क हादसे में मॉडल हर्षिल कालिया की मौत; कैमरे में कैद हुआ आखिरी सफर

जयपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में उभरती एक्ट्रेस और मॉडल हर्षिल कालिया की जान चली गई. देर रात हुए इस हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसने सभी को झकझोर दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

babli
Edited By: Babli Rautela
डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, जयपुर में सड़क हादसे में मॉडल हर्षिल कालिया की मौत; कैमरे में कैद हुआ आखिरी सफर
Courtesy: Social Media

जयपुर से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जिसने मनोरंजन जगत के साथ साथ आम लोगों को भी झकझोर कर रख दिया है. 30 साल की एक्ट्रेस और मॉडल हर्षिल कालिया की एक सड़क हादसे में मौत हो गई. यह हादसा सोमवार देर रात जयपुर के शिप्रा पथ रोड पर हुआ, जब वह अपने काम से घर लौट रही थीं.

बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे डिवाइडर से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

सीसीटीवी फुटेज में दिखा खौफनाक दृश्य

इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो बेहद भयावह है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार तेज गति में आती है और अचानक डिवाइडर से टकराकर बाईं ओर पलट जाती है. यह पूरा दृश्य कुछ ही सेकंड में घटित हो गया. फुटेज देखने के बाद साफ है कि हादसा बहुत तेजी से हुआ और ड्राइवर को संभलने का मौका नहीं मिला. यही वजह रही कि कार पलट गई और अंदर बैठी हर्षिल को गंभीर चोटें आईं.

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मदद के लिए दौड़ लगाई. उन्होंने पलटी हुई कार को सीधा किया और हर्षिल को बाहर निकाला. उनकी हालत बेहद गंभीर थी, खासकर सिर पर गहरी चोट लगी थी. लोगों ने बिना समय गंवाए उन्हें तुरंत एक नजदीकी प्राइवेट अस्पताल पहुंचाया. लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और अस्पताल में ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

पुलिस कर रही है हादसे की जांच

इस घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा आखिर कैसे हुआ. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या गाड़ी तेज रफ्तार में थी या किसी दूसरी गाड़ी ने ओवरटेक करने की कोशिश की थी, जिससे संतुलन बिगड़ गया. पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिवार को सौंप दिया है.

हर्षिल कालिया एक उभरती हुई कलाकार थीं, जिन्होंने अपने करियर में कई काम किए थे. उन्होंने वेब सीरीज Crime Next Door में अभिनय किया था और एक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर भी काम किया था. इसके अलावा वह कई राजस्थानी गानों में लीड रोल में नजर आ चुकी थीं. हाल के समय में वह मॉडलिंग में अपना करियर मजबूत करने की दिशा में काम कर रही थीं और लगातार नए प्रोजेक्ट्स पर ध्यान दे रही थीं.