मुंबई: रैपर बादशाह की पर्सनल लाइफ इन दिनों फिर सुर्खियों में है. हाल ही में उनकी दूसरी शादी की खबरें वायरल हो रही हैं, जिसके बाद फैंस उनकी पहली पत्नी जैस्मिन मसीह और बेटी के बारे में जानने को उत्सुक हैं. बादशाह ने अपनी पहली शादी पिता की चेतावनी के बावजूद की थी, लेकिन महज तीन साल बाद ही रिश्ता टूट गया.
बादशाह और जैस्मिन की मुलाकात फेसबुक पर हुई थी. दोनों करीब डेढ़ साल तक डेटिंग करने के बाद साल 2012 में शादी के बंधन में बंध गए. जैस्मिन का जन्म और पालन-पोषण लंदन में हुआ था, जबकि बादशाह भारत में रहते थे. बादशाह के पिता ने शादी से पहले ही चेतावनी दी थी कि सांस्कृतिक अंतर की वजह से समस्या हो सकती है. लेकिन बादशाह ने कहा कि वे 'वोक' बनना चाहते थे, इसलिए पिता की बात नहीं मानी.
शादी के बाद शुरू में सब ठीक रहा, लेकिन धीरे-धीरे सांस्कृतिक फर्क साफ दिखने लगा. जैस्मिन भारतीय संस्कृति में खुद को एडजस्ट नहीं कर पाईं. बादशाह ने खुद एक पॉडकास्ट में बताया, 'मेरे माता-पिता ने पहले ही कहा था कि दिक्कतें आएंगी. जैस्मिन लंदन में पली-बढ़ी थीं, वे कल्चर में एडजस्ट नहीं कर पाईं और सब कुछ काफी मैसी हो गया.' फिर भी दोनों ने रिश्ता बचाने की पूरी कोशिश की.
साल 2017 में दोनों को बेटी जेस्मी ग्रेस मसीह सिंह का सुख मिला. लेकिन घरेलू जीवन में तनाव बढ़ता गया. आखिरकार साल 2020 में दोनों ने शादी खत्म करने का फैसला लिया. बादशाह ने कहा- 'हम दोनों ने सब कुछ ट्राई किया, लेकिन रिश्ता बेटी के लिए हेल्दी नहीं रह गया था. इसलिए हम अलग हो गए.'
तलाक के बाद जैस्मिन अपनी बेटी जेस्मी के साथ लंदन में ही रह रही हैं. बादशाह अपनी बेटी से ज्यादा मिल नहीं पाते, लेकिन उनसे जुड़े रहते हैं. बादशाह ने बताया कि जेस्मी को उनके गाने पसंद हैं, खासकर 'पानी पानी', लेकिन वह असल में कोरियन ग्रुप ब्लैकपिंक की बड़ी फैन है. बादशाह कहते हैं- 'वह मेरी पूरी दुनिया है, मैं उसके लिए कुछ भी कर सकता हूं.' अब जब बादशाह की दूसरी शादी पंजाबी एक्ट्रेस ईशा रिखी के साथ चर्चा में है, तो फैंस जैस्मिन की जिंदगी के बारे में जानना चाहते हैं. जैस्मिन काफी प्राइवेट लाइफ जीती हैं और सोशल मीडिया पर कम एक्टिव रहती हैं.