मुंबई: महाकुंभ 2025 में प्रयागराज में माला और रुद्राक्ष बेचती नजर आई मोनालिसा भोसले, जिन्हें 'कुंभ मेले की गर्ल' के नाम से देशभर में पहचान मिली, अब एक बार फिर चर्चा में आ गई हैं. मोनालिसा ने फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि जब वह नाबालिग थीं, तब फिल्म के सेट पर मिश्रा ने उनके साथ बार-बार गलत व्यवहार किया.
मोनालिसा ने अपने पति, अभिनेता फरमान खान के साथ कोच्चि में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह खुलासा किया. उन्होंने बताया कि यह घटनाएं फिल्म 'द डायरी ऑफ मणिपुर' की शूटिंग के दौरान नेपाल और देहरादून में हुईं. उस समय मोनालिसा 18 साल की भी नहीं थीं. उन्होंने कहा, 'डायरेक्टर ने गलत तरीके से छुआ, अनचाहे शारीरिक संपर्क किए. जब मैंने घरवालों को बताया तो उन्होंने इसे गंभीरता से नहीं लिया. उन्होंने कहा कि पहली फिल्म है, पैसे मिलेंगे, चुप रहो.'
मोनालिसा ने रोते हुए आगे कहा, 'वे मुझे जीने नहीं दे रहे हैं. अब मेरी शादी को 'लव जिहाद' बताकर साम्प्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं. उनके प्रभाव के कारण मुझे और मेरे पति को धमकियां मिल रही हैं. हम केरल छोड़कर बाहर निकलने से भी डर रहे हैं.' उन्होंने आरोप लगाया कि परिवार भी पैसे के लालच में उनके साथ नहीं खड़ा हुआ.
मोनालिसा भोसले की कहानी 2025 के महाकुंभ से शुरू हुई. एक साधारण लड़की जो माला बेचकर परिवार का गुजारा करती थी, वायरल वीडियो के बाद रातोंरात स्टार बन गई. सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी फिल्म में ब्रेक दिया और एक्टिंग ट्रेनिंग भी दिलवाई. लेकिन अब यही डायरेक्टर उनके खिलाफ सबसे बड़े आरोपों का केंद्र बन गए हैं. मोनालिसा का कहना है कि नाबालिग होने के कारण यह मामले POCSO एक्ट के तहत भी आ सकते हैं.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में फरमान खान ने भी पत्नी का साथ दिया और कहा कि दोनों शादी अपनी मर्जी से एक मंदिर में कर चुके हैं. उन्होंने दावा किया कि यह प्यार की शादी है, किसी भी तरह का जबरन धर्मांतरण नहीं हुआ. वहीं सनोज मिश्रा की तरफ से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पहले उन्होंने मोनालिसा की शादी को लेकर 'लव जिहाद' जैसे बयान दिए थे और फिल्म रिलीज पर सवाल उठाए थे.
मोनालिसा जैसे वायरल स्टार की जिंदगी अब धमकियों और आरोपों के बीच फंस गई है. उनके समर्थन में कई लोग सोशल मीडिया पर आवाज उठा रहे हैं, तो कुछ उनके परिवार और डायरेक्टर के पक्ष में भी बयान दे रहे हैं. अभी पुलिस जांच जारी है. मोनालिसा ने कहा- 'मैं बस सच्चाई बताना चाहती हूं, ताकि कोई और लड़की इस तरह का दर्द न झेले.'