मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र के निधन को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें फैल रही हैं, जो तेजी से वायरल हो गईं. मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती एक्टर को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था. हालांकि, 89 वर्ष की आयु में उनके निधन की झूठी खबर ने फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में खलबली मचा दी. इन अफवाहों के जवाब में धर्मेंद्र की पत्नी और एक्ट्रेस हेमा मालिनी ने एक्स पर अपना गुस्सा जाहिर किया और सच्चाई बयां की.
X पर अपनी पोस्ट में, हेमा मालिनी ने झूठी खबरें फैलाने की आलोचना की और लोगों से झूठ न फैलाने की अपील की. उन्होंने लिखा, 'जो हो रहा है वह अक्षम्य है. जिम्मेदार चैनल किसी ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबर कैसे फैला सकते हैं जो ठीक होने के संकेत दे रहा है और बेहतर हो रहा है? यह बेहद अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है. कृपया परिवार की निजता और उनके लिए जगह की जरूरत का सम्मान करें.' यहां देखें पोस्ट...
What is happening is unforgivable! How can responsible channels spread false news about a person who is responding to treatment and is recovering? This is being extremely disrespectful and irresponsible. Please give due respect to the family and its need for privacy.
— Hema Malini (@dreamgirlhema) November 11, 2025
सांस लेने में गंभीर तकलीफ के बाद धर्मेंद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने उनके इलाज के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट दिया. उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने ऑनलाइन अफवाहों का दौर शुरू कर दिया, कुछ ने दावा किया कि उनका निधन हो गया है. हालांकि, धर्मेंद्र के बेटे एक्ट्रेस सनी देओल ने पहले फैंस और मीडिया से इन झूठे दावों पर ध्यान न देने और अफवाहें फैलाने से बचने का आग्रह किया था. उन्होंने लोगों से इस दौरान परिवार की निजता का सम्मान करने का भी अनुरोध किया था.
धर्मेंद्र के स्वास्थ्य की खबर फैलते ही, कई बॉलीवुड सितारे उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे. इनमें सलमान खान, शाहरुख खान, आर्यन खान, अमीषा पटेल और गोविंदा शामिल थे. ये हस्तियां धर्मेंद्र के कमरे में जाती देखी गईं और अस्पताल का माहौल गमगीन था. उनकी मौजूदगी के बावजूद, किसी भी सितारे ने मीडिया से बात नहीं की और अफवाहों पर टिप्पणी करने के बजाय धर्मेंद्र के स्वास्थ्य पर ध्यान केंद्रित करना चुना.