Ramayana Box Office Collection 2026: नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण पार्ट 1’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार चर्चा में बनी हुई है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश जैसे बड़े सितारों से सजी इस फिल्म ने रिलीज के महज दो दिनों में शानदार कमाई की है. खास बात यह है कि फिल्म ने दुनियाभर की कमाई के मामले में प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान की फिल्म ‘आदिपुरुष’ को पीछे छोड़ दिया है.
फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. पहले दिन इसकी शुरुआत अच्छी रही. हालांकि, ओपनिंग कलेक्शन के मामले में यह ‘आदिपुरुष’ से थोड़ी पीछे थी. लेकिन दूसरे दिन के आंकड़ों ने तस्वीर बदल दी.
ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ‘रामायण’ ने पहले दिन दुनियाभर में करीब 127.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया. वहीं, दूसरे दिन भारत में फिल्म की नेट कमाई 48.05 करोड़ रुपये रही, जबकि पहले दिन यह आंकड़ा 64.85 करोड़ रुपये था. हालांकि, विदेशों में फिल्म का प्रदर्शन मजबूत रहा. दूसरे दिन विदेशी बाजारों से करीब 35 करोड़ रुपये की कमाई हुई. इसके साथ ही विदेशों में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 86.25 करोड़ रुपये पहुंच गया.
भारत में दो दिनों का ग्रॉस कलेक्शन 134.80 करोड़ रुपये रहा. इस तरह फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 221.05 करोड़ रुपये हो गई. वहीं, ‘आदिपुरुष’ ने रिलीज के शुरुआती दो दिनों में दुनियाभर से 215.78 करोड़ रुपये कमाए थे. इस तरह ‘रामायण’ ने उसे पीछे छोड़ दिया है.
दो दिनों की कमाई के मामले में ‘रामायण’ अभी कुछ बड़ी फिल्मों से पीछे है. रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने दो दिनों में 358.86 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था. वहीं, रणबीर कपूर की फिल्म ‘एनिमल’ ने इसी अवधि में 236.01 करोड़ रुपये कमाए थे. ‘रामायण’ को दिवाली और पहले वीकेंड का फायदा मिलने की उम्मीद है. अब देखना होगा कि रविवार तक फिल्म की कमाई कहां पहुंचती है.
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. फिल्म में रवि दुबे, काजल अग्रवाल, विवेक ओबेरॉय, अरुण गोविल और लारा दत्ता समेत कई कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं.
फिल्म का पहला भाग राम और रावण के बचपन, परवरिश और उनके जीवन को प्रभावित करने वाली परिस्थितियों पर केंद्रित है. कहानी के अंत में सनी देओल के हनुमान के किरदार की झलक भी दिखाई गई है. फिल्म का दूसरा भाग अब 2028 में रिलीज होने की तैयारी में है.