Bigg Boss 19: टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो बिग बॉस 19 का यह सीजन दर्शकों के बीच जबरदस्त पॉपुलैरिटी हासिल कर रहा है. शो में शामिल एक्टर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लगातार चर्चा में बने हुए हैं. इसी बीच, कुनिका सदानंद का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने फैंस का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.
दरअसल, यह वीडियो पाकिस्तानी सुपरहिट फिल्म ‘जवानी फिर नहीं आनी 2’ का है, जिसमें कुनिका ने अहम रोल निभाया था. बहुत कम लोगों को पता है कि बिग बॉस 19 की यह कंटेस्टेंट एक समय में पाकिस्तानी सिनेमा का भी हिस्सा रह चुकी हैं.
2018 में रिलीज हुई 'जवानी फिर नहीं आनी 2' पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे सफल फिल्मों में से एक थी. फिल्म में हुमायूं सईद, कुबरा खान, अहमद अली बट, फहाद मुस्तफा, मावरा होकेन, और हमज़ा अली अब्बासी जैसे सितारे नजर आए थे.
इस फिल्म में कुनिका सदानंद ने कुबरा खान की ऑन-स्क्रीन मां का रोल निभाया था, जबकि अनुभवी एक्टर कंवलजीत सिंह उनके ऑन-स्क्रीन पति बने थे. दोनों ने मिलकर फिल्म में एक भारतीय परिवार का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा. वायरल वीडियो में कुनिका और हुमायूं सईद के बीच की बातचीत वाला सीन देखा जा सकता है, जिसे सोशल मीडिया पर फैंस जमकर शेयर कर रहे हैं.
गौरतलब है कि ‘जवानी फिर नहीं आनी 2’ की शूटिंग मूल रूप से भारत में होने वाली थी, लेकिन 2016 में हुए उरी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच संबंध बिगड़ने पर इसे रद्द कर दिया गया. बाद में फिल्म की शूटिंग तुर्की और पाकिस्तान में की गई.
यह फिल्म ईद-उल-अजहा पर रिलीज हुई थी और उस साल की सबसे बड़ी बॉक्स ऑफिस हिट साबित हुई. समीक्षकों और दर्शकों दोनों ने फिल्म के प्रदर्शन और स्टारकास्ट की तारीफ की थी.
कुनिका सदानंद बॉलीवुड की एक जानी-मानी एक्ट्रेस हैं, जिन्होंने 1988 में ‘कब्रिस्तान’ फिल्म से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की थी. 90 के दशक में वे कई बड़ी हिट फिल्मों का हिस्सा रहीं, जिनमें ‘बेटा’, ‘खिलाड़ी’, ‘गुमराह’, ‘हम साथ साथ हैं’, ‘पेज 3’ और ‘नानू की जानू’ जैसी फिल्में शामिल हैं.
वह अक्सर अपनी नकारात्मक और बोल्ड भूमिकाओं के लिए जानी जाती हैं. अभिनय के अलावा, उन्होंने मराठी फिल्मों में निर्माता और सहयोगी निर्माता के तौर पर भी काम किया है, जिनमें ‘वेंटीलेटर’, ‘सरवन’ और ‘के रे रास्कला’ जैसी फिल्में शामिल हैं.