बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर इन दिनों गेम शो India’s Top 1%: The Anil Kapoor Show को होस्ट कर रहे हैं. शो के दौरान वह कंटेस्टेंट्स से बातचीत करते हुए अक्सर अपनी निजी जिंदगी से जुड़े किस्से भी शेयर करते हैं. हाल ही के एक एपिसोड में अनिल कपूर ने अपनी पत्नी सुनीता कपूर के साथ रिश्ते और शादी के शुरुआती दिनों से जुड़ी कई दिलचस्प बातें बताईं.
एक्टर ने बताया कि सुनीता एक बार अकेले ही हनीमून पर चली गई थीं. इसके अलावा उन्होंने शादी से पहले सुनीता की रखी एक शर्त का भी जिक्र किया. अनिल के मुताबिक, सुनीता ने साफ कहा था कि वह शादी के बाद किचन में काम नहीं करेंगी.
कंगना रनौत की फिल्म Queen का जिक्र होने के दौरान अनिल कपूर को अपनी पत्नी सुनीता की याद आ गई. इसी दौरान उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा भी था जब सुनीता अकेले हनीमून पर गई थीं और वह उनके साथ नहीं जा पाए थे. अनिल ने अपनी पत्नी के बारे में बात करते हुए उन्हें अपने दिल की क्वीन बताया. उन्होंने कहा कि सुनीता ही उनकी क्वीन हैं और हमेशा रहेंगी. अनिल कपूर और सुनीता कपूर की शादी को कई दशक हो चुके हैं. दोनों की प्रेम कहानी बॉलीवुड की चर्चित सेलिब्रिटी लव स्टोरीज में शामिल रही है.
अनिल कपूर ने अपनी शादी से पहले का एक दिलचस्प किस्सा भी शेयर किया. उन्होंने बताया कि सुनीता ने उनके सामने एक शर्त रखी थी कि शादी के बाद वह किचन में कदम नहीं रखेंगी. अनिल के मुताबिक, सुनीता की इस बात को सुनकर उन्होंने इसे चुनौती की तरह लिया. उन्होंने तय किया कि वह इतनी मेहनत करेंगे और अपने करियर में इतना सफल बनेंगे कि सुनीता को कभी किचन में जाने की जरूरत न पड़े.
अनिल ने बताया कि आज तक सुनीता ने किचन में कदम नहीं रखा. उनके लिए यह बात सिर्फ एक मजाक या शादी के समय की शर्त नहीं थी, बल्कि उन्होंने इसे अपनी जिम्मेदारी के तौर पर लिया.
अनिल कपूर ने एक पुराने इंटरव्यू में अपनी और सुनीता की शुरुआती मुलाकात और रिश्ते के दिनों को भी याद किया था. उन्होंने बताया था कि जब वह सुनीता से मिले थे, तब उनका करियर संघर्ष के दौर में था और उनके पास ज्यादा पैसे नहीं थे. सुनीता एक बैंकर की बेटी थीं और उस समय उनका मॉडलिंग करियर भी अच्छा चल रहा था. दोनों की मुलाकात के बाद रिश्ता धीरे-धीरे आगे बढ़ा.
अनिल ने बताया था कि एक समय वह चेंबूर में रहते थे, जबकि सुनीता नेपियन सी रोड पर रहती थीं. मिलने के लिए अनिल को बस से जाना पड़ता था क्योंकि उनके पास हमेशा टैक्सी का किराया देने के पैसे नहीं होते थे. उनके मुताबिक, जब वह सुनीता से कहते थे कि वह बस से आ रहे हैं तो सुनीता उन्हें जल्दी आने के लिए टैक्सी लेने को कहती थीं. जब अनिल पैसे नहीं होने की बात कहते तो सुनीता खुद किराया देने की बात कहती थीं.