menu-icon
India Daily

27 सालों से साथी मेकर आर्टिस्ट के निधन पर भावुक हुए अभिषेक बच्चन, लिखा इमोशनल नोट

एक्टर अभिषेक बच्चन ने अपने लंबे समय से जुड़े मेकअप आर्टिस्ट अशोक सावंत के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावनात्मक नोट साझा किया और लिखा कि अशोक दादा केवल उनकी टीम का हिस्सा नहीं, बल्कि उनके परिवार के सदस्य थे.

babli
Edited By: Babli Rautela
27 सालों से साथी मेकर आर्टिस्ट के निधन पर भावुक हुए अभिषेक बच्चन, लिखा इमोशनल नोट
Courtesy: Instagram

मुंबई: फिल्म इंडस्ट्री में सितारे अक्सर अपनी टीम के उन लोगों का ज़िक्र कम करते हैं जो उनके पीछे रहकर उनके लुक, मेकअप और स्टाइल को निखारते हैं. लेकिन अभिषेक बच्चन ने एक बार फिर दिखाया कि सच्चा कलाकार अपने सहयोगियों को परिवार की तरह मानता है. अपने मेकअप आर्टिस्ट अशोक सावंत के निधन की खबर साझा करते हुए अभिषेक भावुक हो उठे. उन्होंने बताया कि दादा उनके साथ पिछले 27 वर्षों से काम कर रहे थे और उनके बिना सेट की कल्पना करना मुश्किल है.

अभिषेक बच्चन ने इंस्टाग्राम पर अशोक सावंत के साथ पुरानी तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, 'अशोक दादा और मैंने 27 सालों से ज़्यादा समय तक साथ काम किया है. वह मेरी पहली फिल्म से ही मेरा मेकअप करते आ रहे हैं. वह सिर्फ मेरी टीम का हिस्सा नहीं थे, बल्कि मेरे परिवार का हिस्सा थे. उनके बड़े भाई दीपक लगभग 50 सालों से मेरे पिता अमिताभ बच्चन के मेकअप मैन रहे हैं.'

बीमारी के बावजूद निभाया रिश्ता

अभिषेक ने बताया कि अशोक सावंत पिछले कुछ सालों से अस्वस्थ थे, लेकिन फिर भी वे हमेशा उनके काम और सेहत की चिंता करते थे. उन्होंने लिखा, 'पिछले कुछ सालों से वह बीमार थे, इसलिए हमेशा सेट पर नहीं आ पाते थे. लेकिन जब भी मैं शूटिंग कर रहा होता था, एक भी दिन ऐसा नहीं होता था जब वह मेरा हालचाल न पूछते हों. वे हमेशा सुनिश्चित करते थे कि उनका असिस्टेंट मेरे मेकअप का ध्यान रखे.'

अभिषेक ने यह भी लिखा कि दादा हमेशा मुस्कुराते रहते थे और जब भी मिलते, गर्मजोशी से गले लगाते थे. उनके बैग में हमेशा कुछ स्वादिष्ट चिवड़ा या भाकरवड़ी रहती थी, जिसे वे सेट पर सबके साथ बांटते थे.

हर फिल्म के शॉट से पहले छूते थे पैर

अभिषेक बच्चन ने अपने पोस्ट में बताया कि अशोक सावंत उनके लिए सिर्फ एक मेकअप आर्टिस्ट नहीं, बल्कि शुभ संकेत थे. उन्होंने लिखा, 'जब भी मैं किसी नई फिल्म का पहला शॉट देता था, तो वह पहले व्यक्ति थे जिनके पैर छूकर मैं आशीर्वाद लेता था. अब से जब मैं आसमान की ओर देखूंगा, तो जानूंगा कि आप वहीं से मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं.'

उनके इस भावुक संदेश ने सोशल मीडिया पर हजारों दिलों को छू लिया.