मुंबई: भारतीय बाजारों में दशकों से अपनी साख जमाने वाला गोदरेज ग्रुप अब आपके घर की अलमारी और साबुन से आगे निकलकर सीधे आपकी तिजोरी संभालने की तैयारी में है. देश के अमीरों की बढ़ती दौलत को सही ठिकाना देने के लिए इस भरोसेमंद ग्रुप ने अब फाइनेंस की दुनिया में एक बहुत बड़ा दांव खेल दिया है.
गोदरेज इंडस्ट्रीज ने 'गोदरेज वेल्थ' नाम का एक नया प्लेटफॉर्म लॉन्च करके वेल्थ मैनेजमेंट के कारोबार में उतरने का एलान किया है. कंपनी ने भारत के तेजी से बढ़ते बाजार पर भरोसा जताया है और साल 2031 तक 1 लाख करोड़ रुपये का एसेट जुटाने का बड़ा लक्ष्य रखा है.
यह नया बिजनेस मुख्य रूप से उन रईसों और हाई-नेट-वर्थ इंडिविजुअल्स पर ध्यान केंद्रित करेगा जिनके पास निवेश करने के लिए 2 करोड़ रुपये या उससे ज्यादा की रकम है. इसके टारगेट ग्राहकों में बड़े बिजनेसमैन, कारोबारी घराने, एनआरआई और वे अनुभवी निवेशक शामिल हैं जो अपने पैसों के लिए एडवांस और मॉडर्न फाइनेंशियल सॉल्युशन ढूंढ रहे हैं.
'गोदरेज वेल्थ' अपने ग्राहकों को सिर्फ इन्वेस्टमेंट की सलाह ही नहीं देगा बल्कि पोर्टफोलियो प्लानिंग, उत्तराधिकार प्लानिंग, विरासत का मैनेजमेंट, प्राइवेट मार्केट में निवेश के मौके और ग्लोबल इन्वेस्टमेंट जैसे कई विकल्प देगा. आसान शब्दों में कहें तो यह प्लेटफॉर्म अमीर परिवारों की कॉम्पलैक्स नीड्स को पूरा करने और उनकी वेल्थ को सिक्योर तरीके से बढ़ाने का काम करेगा.
कंपनी इसके लिए भरोसेमंद एडवाइजरों और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी का एक साथ इस्तेमाल करेगी. अगले पांच सालों में गोदरेज वेल्थ का प्लान देश के 35 मुख्य शहरों में अपनी पहुंच बनाने का है. यह नया बिजनेस गोदरेज ग्रुप की पहले से चल रही लोन देने वाली कंपनी 'गोदरेज कैपिटल' के साथ मिलकर काम करेगा जिससे वित्तीय क्षेत्र में ग्रुप की पकड़ और मजबूत होगी.
गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के चेयरमैन डेसिग्नेट पिरोजशा गोदरेज का कहना है कि भारत में लोगों की दौलत का स्वरूप बदल रहा है और अब परिवारों को अपनी कई पीढ़ियों की संपत्ति संभालने के लिए प्रोफेशनल गाइडेंस की जरूरत है. वहीं गोदरेज कैपिटल के सीईओ मनीष शाह ने कहा कि आज के अमीर ग्राहक पारंपरिक स्कीमों से ज्यादा कुछ चाहते हैं. गोदरेज ग्रुप अब इसी मांग को पूरा करने के लिए बाजार में उतरा है.