नई दिल्ली: Hyundai भारतीय कार बाजार में अपनी SUV लाइनअप को और मजबूत करने की तैयारी में है. कंपनी ने अपनी आने वाली SUV का नाम Bayon कन्फर्म कर दिया है. ग्लोबल बाजार में इसी नाम से एक क्रॉसओवर मौजूद है, लेकिन भारत के लिए तैयार होने वाली Bayon अलग हो सकती है. इसे Venue और Creta के बीच रखा जाने की उम्मीद है, जिससे कंपनी के SUV पोर्टफोलियो में मौजूद इस कीमत वाले अंतर को भरा जा सकेगा.
भारत में आने वाली Bayon को यहां के ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया जा रहा है. सामने आई स्पाई तस्वीरों में इसका आकार मौजूदा ग्लोबल मॉडल से अलग और ज्यादा SUV जैसा नजर आता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी लंबाई करीब 4.18 मीटर हो सकती है. ऐसे में यह उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है, जिन्हें बड़ी SUV का लुक और फीचर्स चाहिए, लेकिन Creta के स्तर की कीमत नहीं देना चाहते.
स्पाई शॉट्स के मुताबिक Bayon में ऊंचा बोनट, सीधी SUV प्रोफाइल, उभरी हुई बॉडी क्लैडिंग और फ्लैट रूफलाइन मिल सकती है. आगे की तरफ पतले LED DRLs और अलग हेडलैंप यूनिट दिए जाने की संभावना है. बड़े और मजबूत दिखने वाले व्हील्स के साथ रूफ रेल्स भी मिल सकती हैं. डिजाइन के जरिए इसे सामान्य क्रॉसओवर के बजाय एक मजबूत और अपराइट SUV जैसा रूप देने की कोशिश की जा सकती है.
कार के इंटीरियर से जुड़ी सामने आई तस्वीरों में डुअल स्क्रीन सेटअप दिखाई देने का दावा किया गया है. इसमें एक स्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और दूसरी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के लिए हो सकती है. इसके अलावा 360 डिग्री कैमरा, कनेक्टेड कार तकनीक, वायरलेस स्मार्टफोन कनेक्टिविटी, वायरलेस चार्जिंग और वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स जैसे फीचर्स मिलने की संभावना है. हालांकि, Hyundai ने अभी इन फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
Bayon में कई पावरट्रेन विकल्प मिलने की बात सामने आ रही है. इसमें 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन दिया जा सकता है, जो Creta में भी इस्तेमाल होता है. कुछ रिपोर्ट्स में 1.2 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन की संभावना जताई गई है. इसके अलावा 1.0 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन भी मिल सकता है, जो 120 एचपी की पावर और 170 एनएम टॉर्क देता है. CNG विकल्प इसकी खासियत बन सकता है.
Hyundai Bayon को Venue से ऊपर और Creta से नीचे की कीमत पर उतारने की उम्मीद है. इसकी कीमत करीब 8 लाख से 15 लाख रुपये के बीच हो सकती है. CNG विकल्प मिलने पर इसका मुकाबला Maruti Suzuki Victoris से होने की संभावना है. कंपनी ने Bayon नाम की पुष्टि कर दी है और इससे जुड़े टीजर भी जारी किए जा रहे हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे दिवाली से पहले बाजार में उतारा जा सकता है, हालांकि आधिकारिक लॉन्च तारीख अभी सामने नहीं आई है.