menu-icon
India Daily

'कुछ भी काम नहीं कर रहा...' ट्रेन हादसे से पहले केबिन में मची अफरातफरी, लोको पायलट का वीडियो वायरल

असम के दिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. हादसे से पहले का एक कथित केबिन वीडियो सामने आया है, जिसमें लोको पायलट ट्रेन को नियंत्रित करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'कुछ भी काम नहीं कर रहा...' ट्रेन हादसे से पहले केबिन में मची अफरातफरी, लोको पायलट का वीडियो वायरल
Courtesy: @ANI X Account

असम में कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना के बाद लोकोमोटिव के अंदर का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है. इस वीडियो में लोको पायलट ट्रेन को नियंत्रित करने के लिए लगातार कोशिश करता दिखाई दे रहा है. वहीं, वीडियो रिकॉर्ड कर रहा व्यक्ति घबराहट में कहता सुनाई देता है कि 'कुछ भी काम नहीं कर रहा है'. हालांकि, अभी तक इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.

वायरल हो रहे कथित वीडियो में देखा जा सकता है कि लोको पायलट ट्रेन के कंट्रोल और लीवर को बार-बार चलाने की कोशिश कर रहा है. ऐसा लग रहा है कि वह किसी तरह ट्रेन को रोकना चाहता है, लेकिन उसे सफलता नहीं मिल रही है. इसी दौरान पीछे से आवाज आती है, 'कुछ भी काम नहीं कर रहा है'.

वीडियो के आखिरी हिस्से में अचानक जोरदार आवाज सुनाई देती है. इसके बाद इंजन और डिब्बों में तेज झटके महसूस होते हैं. लोको पायलट भी अपनी सीट से उठता हुआ दिखाई देता है. हालांकि, वीडियो में दिखाई देने वाली परिस्थितियों और इसकी वास्तविकता की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

सुबह 6:54 बजे हुआ ट्रेन हादसा

यह हादसा बुधवार, 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6 बजकर 54 मिनट पर असम के कामरूप मेट्रो जिले के दिगारू रेलवे स्टेशन पर हुआ. यहां कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस के इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए. घटना के बाद रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों और राहत-बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को सुरक्षित निकालने और राहत कार्य शुरू करने की कार्रवाई की.

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने शुरुआत में समाचार एजेंसी एएनआई को बताया था कि हादसे में किसी की मौत की सूचना नहीं मिली है. उन्होंने कहा था कि वरिष्ठ रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं.

रेलवे ने लोको पायलट को ठहराया जिम्मेदार

नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने अपने बयान में हादसे के लिए लोको पायलट की ओर से ट्रेन की गति को नियंत्रित नहीं कर पाने को जिम्मेदार बताया है. रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को दूसरे ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए दिगारू स्टेशन पर रिसीव किया जा रहा था. इसी दौरान इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए.

रेलवे प्रशासन के बयान के मुताबिक, हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक ट्रेन की व्यवस्था की गई है. घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था. रेलवे के महाप्रबंधक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे.

हादसे की वजह को लेकर उठे सवाल

ट्रेन के केबिन से सामने आए कथित वीडियो ने हादसे से पहले की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. वीडियो में लोको पायलट की कोशिशें और 'कुछ भी काम नहीं कर रहा' कहने वाली आवाज लोगों का ध्यान खींच रही है. हालांकि, रेलवे ने अपने आधिकारिक बयान में गति नियंत्रित नहीं कर पाने को हादसे की वजह बताया है. वीडियो की पुष्टि और घटना से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की जानकारी सामने आना अभी बाकी है.