ऊधमपुर: जम्मू-कश्मीर के जंगलों में इन दिनों लगी भीषण आग जहां बेकाबू होकर वन संपदा को खाक कर रही है वहीं बेजुबान वन्यजीवों के लिए यह काल बन चुकी है. लेकिन इस खौफनाक मंजर के बीच वन विभाग के कर्मचारी देवदूत बनकर सामने आए हैं. ताजा मामला ऊधमपुर जिले के रामनगर वन क्षेत्र का है जहां अपनी जान जोखिम में डालकर वनकर्मियों ने मोर के नवजात चूजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है.
इसकी जानकारी रामनगर डीएफओ ने दी है. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरह पत्थरों के बीच एक घोसला जैसा बना हुआ है जिसमें अंडों से बाहर आए चूजे बैठे हैं. वहीं जंगल में चारों तरफ धुंआ दिखाई दे रहा है. वीडियो को देखकर लोग भावुक भी हो रहे हैं और अलग-अलग कमेंट भी कर रहे हैं.
यहां देखें वीडियो
#WATCH उधमपुर, जम्मू-कश्मीर: वन अधिकारियों ने रामनगर जंगल की आग से नवजात मोर के बच्चों को बचाया।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 27, 2026
(सोर्स: DFO रामनगर) pic.twitter.com/Rmb5b1WBpv
गौरतलब है कि यह घटना पहली बार नहीं हुई है. इससे पहले जम्मू-कश्मीर के ही पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में भी ऐसी ही एक दिल छू लेने वाली घटना सामने आई थी. वहां भी वनकर्मियों ने सुलगते जंगलों के बीच से जंगली तीतर के अंडों और कुछ नवजात बच्चों को बचाया था.
गर्मियों के मौसम में जंगलों में लगने वाली यह आग वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को तबाह कर देती है. कई बार बेजुबान जानवर और उनके बच्चे इस आग की चपेट में आकर दम तोड़ देते हैं. ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में वन विभाग के कर्मचारियों की यह मुस्तैदी वाकई काबिले तारीफ है, जो अपनी जान की परवाह किए बिना इन बेजुबानों की नस्ल को बचाने में दिन-रात जुटे हुए हैं. जानकारी के मुताबिक बचाए गए मोर के बच्चों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर रखा गया है और उनकी देखभाल की जा रही है.