menu-icon
India Daily

आंधी में उड़ता टिन शेड बना मौत का हथियार, बाल-बाल बची महिला की जान; देखें वायरल वीडियो

सोशल मीडिया पर अक्सर वीडियो वायरल होता रहता है, अब एक नया वीडियो सामने आया है. जिसमें एक महिला कुछ सेकंड के अंतर से एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच जाती है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
आंधी में उड़ता टिन शेड बना मौत का हथियार, बाल-बाल बची महिला की जान; देखें वायरल वीडियो
Courtesy: X (@gharkekalesh)

सोशल मीडिया पर आए दिन ऐसे वीडियो सामने आते हैं जो लोगों को चौंका देते हैं. इन दिनों एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए हैं. वीडियो में एक महिला कुछ सेकंड के अंतर से एक बड़े हादसे का शिकार होने से बच जाती है. 

वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि मौसम खराब है और तेज आंधी चल रही है. इसी दौरान पीले रंग के कपड़े पहने एक महिला सड़क के किनारे से गुजर रही होती है. महिला अपने रास्ते पर आगे बढ़ रही होती है कि तभी एक मकान की छत पर लगा टिन का शेड तेज हवा के दबाव से उखड़ जाता है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ सेकंड के अंदर शेड हवा में उड़ते हुए महिला की तरफ तेजी से बढ़ता है. वीडियो में दिखाई देता है कि शेड महिला के बेहद करीब पहुंच जाता है और उसकी गर्दन के पास तक आ जाता है. यह दृश्य इतना डरावना है कि देखने वालों की सांसें थम जाती हैं.

हादसे के उस पल में महिला घबराने के बजाय तेजी से प्रतिक्रिया देती है. वह शेड को अपने से दूर करने की कोशिश करती है और तुरंत वहां से हटकर सुरक्षित स्थान की ओर भाग जाती है. उसकी यही फुर्ती और समझदारी उसे बड़े हादसे से बचा लेती है. अगर महिला कुछ सेकंड भी देर कर देती तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी. वीडियो देखने वाले कई लोगों का मानना है कि यह किसी चमत्कार से कम नहीं है कि महिला पूरी तरह सुरक्षित बच गई.

इटावा का बताया जा रहा है वीडियो

सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस वीडियो को @gharkekalesh नाम से साझा किया गया है. वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार यह घटना उत्तर प्रदेश के इटावा जिले की बताई जा रही है. पोस्ट में दावा किया गया है कि तेज तूफान के दौरान टिन शेड उड़कर महिला के बेहद करीब पहुंच गया था और उसकी जान बाल-बाल बची. हालांकि, वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन दृश्य ने लोगों का ध्यान अपनी ओर जरूर खींचा है. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक उपयोगकर्ता ने मजाकिया अंदाज में लिखा कि महिला ने सड़क पर ही किसी रोमांचक फिल्म के दृश्य को मात दे दी. वहीं दूसरे व्यक्ति ने महिला के सुरक्षित होने की कामना करते हुए राहत जताई.