मुंबई के गोरेगांव ईस्ट इलाके से एक घिनौनी घटना सामने आई है. यहां एक होटल के कर्मचारी को तंदूर में सेकने से पहले रोटियों पर कथित तौर पर थूकते हुए देखा गया है. इस शर्मनाक हरकत का वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो गया है जिसके बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा और नाराजगी फैल गई. ऑनलाइन वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी कर्मचारी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया.
यह घटना गोरेगांव ईस्ट के संतोष नगर में स्थित 'फिश कोलीवाड़ा होटल' की बताई जा रही है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23 मई 2026 की रात दत्ताराम पवार नाम के एक 48 वर्षीय व्यक्ति रात का खाना खाने के लिए इस इलाके में गए थे. पास का एक दूसरा होटल बहुत ज्यादा भरा हुआ था इसलिए उन्होंने इस फिश कोलीवाड़ा होटल में खाने का फैसला किया.
जब वे होटल के अंदर गए तो उन्होंने देखा कि वहां एक कर्मचारी बेहद गंदे तरीके से रोटियां तैयार कर रहा था. वह आरोपी तंदूर में डालने से पहले हर रोटी पर थूक रहा था. यह देखकर दत्ताराम दंग रह गए और उन्होंने होटल के अंदर खड़े-खड़े ही चुपके से अपने मोबाइल फोन पर इस पूरी हरकत का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया. बाद में उन्होंने यह वीडियो स्थानीय लोगों के साथ शेयर किया जिसके बाद जनता का गुस्सा भड़क उठा. जैसे ही यह क्लिप सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैली लोगों ने कर्मचारी और होटल मैनेजमेंट के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग शुरू कर दी.
यहां देखें वीडियो
मुंबई के गोरेगांव ईस्ट इलाके के एक होटल में रोटी पर थूक लगाकर ग्राहकों को परोसने का गंभीर आरोप सामने आया है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि होटल मालिक के… pic.twitter.com/RSbP3Ymoi4
— India Ahead (@IndiaAheadNow) May 27, 2026
25 मई की रात स्थानीय निवासियों ने इस मामले की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी होटल पहुंचे और आरोपी कर्मचारी को दबोच लिया. इसके साथ ही प्रशासन ने लापरवाही बरतने और साफ-सफाई के मानकों का पालन न करने के आरोप में होटल मालिक के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है.
पूछताछ के दौरान आरोपी कर्मचारी की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रहने वाले कौसर गफ्फार शेख के रूप में हुई है. वहीं होटल के मालिक का नाम फैयाज अहमद शेख बताया जा रहा है. पुलिस फिलहाल वायरल वीडियो की जांच कर रही है और पूरे मामले की बारीकी से तफ्तीश में जुटी है. इस घटना ने स्थानीय होटलों में खाने की सुरक्षा और साफ-सफाई को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.