उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक अनोखा वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में बंदर दो लाख रुपये नकद से भरा बैग छीनकर नीम के पेड़ पर चढ़ गया और फिर उसे हवा में उड़ाने लगा, जिससे नीचे खड़े लोगों पर नोटों की बारिश होने लगी. यह वीडियो शनिवार की बताई जा रही है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मिल रही जानकारी के मुताबिक एक व्यक्ति जिला कोर्ट परिसर के कचहरी रोड इलाके में प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन का काम कराने कैश लेकर पहुंचा था. कोर्ट परिसर में व्यक्ति स्टाम्प पेपर खरीदने के लिए वेंडर की ओर जा रहा था, तभी अचानक एक बंदर ने झपट्टा मारा और उससे कैश से भरा बैग छीनकर परिसर में लगे नीम के पेड़ पर चढ़ गया.
वीडियो में नजर आ रहा है कि पेड़ पर बैठा बंदर बैग को फाड़ने लगा. इस दौरान पेड़ से 500 रुपये के नोट हवा में लहराते हुए नीचे गिरने लगे. देखते ही देखते पूरा परिसर नोटों से भर गया. आस-पास मौजूद लोग हैरान रह गए. कुछ लोग हंस पड़े तो कुछ नोट बटोरने में जुट गए. घटना की सूचना फैलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई. लोग नोटों को बचाने और इकट्ठा करने की होड़ में लग गए. कुछ लोग तो पेड़ के नीचे खड़े होकर बंदर को मनाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन बंदर बेखौफ नोट फेंकता रहा. इस दौरान कई नोट फट गए और गंदे हो गए. स्थानीय लोगों ने बताया कि बंदर अक्सर कोर्ट परिसर में घूमता रहता है, लेकिन इतनी बड़ी रकम वाले बैग पर हमला इससे पहले कभी नहीं देखा गया.
बुलंदशहर - बीते शनिवार को कचहरी परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक बन्दर दो लाख रुपये से भरा बैग छीनकर नीम के पेड़ पर चढ़ गया। बैग में बैनामा के लिए लाए गए रुपये थे। पेड़ पर बैठकर बन्दर ने बैग फाड़ दिया और खाने की तलाश में नोट नीचे फेंकने लगा। pic.twitter.com/cda6czwOF3
— Kedar Nath Dubey (@DubeyKedar) May 31, 2026
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिस पर लोग भी अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कुछ लोग इसमें व्यक्ति की गलती बता रहे हैं, वहीं कुछ बंदर की दादागिरी बता रहे हैं. सोशल मीडिया यूजर्स ने तरह-तरह के कमेंट किए. कोई इसे बंदर का डाका बता रहा था तो कोई मजाक उड़ा रहा था कि बंदर भी अब प्रॉपर्टी डील में पार्टनर बन गया. कई यूजर्स ने बंदरों की बढ़ती तादाद पर सवाल उठाए और प्रशासन से कोर्ट परिसर में बंदरों से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने की कोशिश की. अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे नोट वापस सौंप दें. पुलिस ने पूरे इलाके की तलाशी ली और बिखरे हुए नोट इकट्ठा किए. बाद में गिनती करने पर 1.98 लाख रुपये बरामद कर लिए गए. वहीं दो हजार रुपये गायब हो गए.