राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले में एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मिल रही जानकारी के मुताबिक महिला से दहेज की मांग की जा रही थी और उसे मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा था. मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी के एक साल के अंदर ही ससुराल वाले और दहेज मांग रहे थे.
परिवार वालों का कहना है कि महिला के ससुराल पक्ष की ओर से दहेज में मोटरसाइकिल और कार मांगी जा रही थी. इसके लिए महिला को लगातार परेशान किया जा रहा था. मामले की शिकायत मिलते ही पुलिस ने ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज करते हुए, जांच शुरू कर दी है.
यह मामला सवाई माधोपुर जिले का बताया जा रहा है. वहीं मृतका की पहचान नेहा उर्फ बीरा नायक के रूप में की गई है. मृतका के परिवार वालों का कहना है कि 31 मई की सुबह उसके ससुराल वालों की ओर से कॉल पर बताया गया कि नेहा की तबीयत खराब है, जिसकी वजह से उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जब परिवार वाले अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों द्वारा नेहा को मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है शव का पोस्टमॉर्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. मृतका के भाई संजय नायक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि नेहा को दहेज न देने पर प्रताड़ित किया गया और अंततः आत्महत्या के लिए मजबूर होना पड़ा.
पीड़िता की शादी 22 अप्रैल 2023 को ओम नायक पुत्र संजय नायक के साथ हुई थी. परिवार वालों के मुताबिक उन्होंने शादी के समय पर भी अपनी आर्थिक स्थिति के अनुसार दहेज और घरेलू सामान दिया था. लेकिन फिर शादी के करीब एक साल बाद, बेटी के जन्म लेते ही पति संजय नायक ने और दहेज की मांग शुरू कर दी. परिवार का आरोप है कि उन्होंने स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और स्विफ्ट कार की मांग की थी. पीड़िता के पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जिसकी वजह से पूरा परिवार आर्थिक संकट से जूझ रहा था. परिजनों ने बताया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति संजय ने तलाक की मांग भी शुरू कर दी. आत्महत्या से पहले महिला ने अपने परिवार के पास कॉल कर उसे ले जाने को कहा था. जिस पर भाई की ओर से अगली सुबह आने का आश्वासन भी दिया गया था. लेकिन उससे पहले ही नेहा ने अपनी जिंदगी को खत्म करने का फैसला ले लिया.