menu-icon
India Daily

विमान के उड़ान से पहले बड़ा हादसा, लुफ्थांसा के ड्रीमलाइनर का नोज गियर टूटा; वायरल वीडियो ने बढ़ाई यात्रियों की चिंता

फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर लुफ्थांसा के बोइंग 787 ड्रीमलाइनर का नोज लैंडिंग गियर ध्वस्त हो गया, जिससे कई क्रू सदस्य और ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए. घटना के समय विमान में कोई यात्री नहीं था.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
विमान के उड़ान से पहले बड़ा हादसा, लुफ्थांसा के ड्रीमलाइनर का नोज गियर टूटा; वायरल वीडियो ने बढ़ाई यात्रियों की चिंता
Courtesy: @Tian9jaw x account

नई दिल्ली: जर्मनी के फ्रैंकफर्ट हवाई अड्डा पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब लुफ्थांसा के एक बोइंग 787 ड्रीमलाइनर का नोज लैंडिंग गियर अचानक ध्वस्त हो गया. इस घटना में विमान में मौजूद कुछ क्रू सदस्य और ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए. राहत की बात यह रही कि उस समय विमान में कोई यात्री मौजूद नहीं था.

जानकारी के अनुसार यह विमान लॉस एंजिल्स के लिए निर्धारित फ्लाइट LH450 के रूप में उड़ान भरने की तैयारी कर रहा था. स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:45 बजे विमान अभी एयरपोर्ट पर खड़ा था और यात्रियों की बोर्डिंग शुरू नहीं हुई थी. इसी दौरान अचानक नोज लैंडिंग गियर में खराबी आ गई और विमान का अगला हिस्सा नीचे की ओर झुक गया.

क्या लिया गया एक्शन?

घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट पर आपातकालीन सेवाओं को सक्रिय किया गया. कई फायर और रेस्क्यू वाहन मौके पर पहुंचे. सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीरों और वीडियो में विमान का अगला हिस्सा जमीन के करीब झुका हुआ दिखाई दिया, जबकि उसके आसपास आपातकालीन टीमें मौजूद थीं.

एयरलाइन के प्रवक्ता ने बताया कि हादसे के समय विमान में केवल क्रू सदस्य और कुछ ग्राउंड स्टाफ मौजूद थे. दुर्घटना में कई कर्मचारियों को चोटें आई हैं और उनका इलाज चल रहा है. हालांकि किसी भी घायल की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है.

नोज लैंडिंग गियर विमान के आगे के हिस्से में लगा पहिया तंत्र होता है, जो विमान का संतुलन बनाए रखने, टैक्सींग के दौरान दिशा नियंत्रित करने और टेकऑफ तथा लैंडिंग के समय झटकों को सहन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इस प्रणाली में किसी भी प्रकार की खराबी विमान संचालन को गंभीर रूप से प्रभावित कर सकती है.

यात्रियों के लिए क्या की गई व्यवस्था?

घटना के बाद लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट LH450 को रद्द कर दिया गया. एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था शुरू कर दी है. साथ ही तकनीकी विशेषज्ञों और विमानन अधिकारियों के सहयोग से घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है.

यह विमान लुफ्थांसा के आधुनिक लंबी दूरी वाले बेड़े का हिस्सा है. बोइंग 787 ड्रीमलाइनर अपनी ईंधन दक्षता, उन्नत तकनीक और लंबी दूरी की उड़ानों के लिए जाना जाता है. एयरलाइन हाल के वर्षों में पुराने विमानों को हटाकर इस मॉडल को अपने बेड़े में शामिल कर रही है.