menu-icon
India Daily

IND vs AFG: सीरीज जीती, अब आखिरी मैच में बदलेगी टीम इंडिया की तस्वीर! वैभव सूर्यवंशी पर टिकी नजर

भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज के शुरुआती दोनों मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली है. अब तीसरे और आखिरी मुकाबले में कप्तान श्रेयस अय्यर के संकेतों के बाद प्लेइंग-11 में बदलाव की चर्चा तेज है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
IND vs AFG: सीरीज जीती, अब आखिरी मैच में बदलेगी टीम इंडिया की तस्वीर! वैभव सूर्यवंशी पर टिकी नजर
Courtesy: Pinterest

IND vs AFG: भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में लगातार दो जीत दर्ज कर कर ली है. अब दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला खेला जाना है. सीरीज का नतीजा तय होने के बाद इस मैच में भारतीय टीम के संयोजन पर सबकी नजर रहेगी. कप्तान श्रेयस अय्यर ने दूसरे मुकाबले के बाद संकेत दिए थे कि अब उन खिलाड़ियों को मौका मिल सकता है, जो पहले दो मैचों में बाहर बैठे रहे.

इसी बयान के बाद संभावित बदलावों को लेकर चर्चा शुरू हो गई है. सबसे ज्यादा नजर युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर है, जिन्हें शुरुआती दोनों मुकाबलों में प्लेइंग-11 में जगह नहीं मिली. आखिरी मैच में उन्हें मौका मिलता है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी.

वैभव को मौका मिला तो किसे करना होगा बाहर?

वैभव सूर्यवंशी के शामिल होने पर सबसे बड़ा सवाल यह होगा कि किस खिलाड़ी को आराम दिया जाता है. मौजूदा संयोजन में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा दोनों विकल्प मौजूद हैं. संभावना जताई जा रही है कि अभिषेक शर्मा को आराम देकर वैभव और सैमसन को साथ आजमाया जा सकता है. हालांकि अंतिम फैसला टीम प्रबंधन करेगा. सीरीज पहले ही जीत चुकी भारतीय टीम के पास बेंच पर मौजूद खिलाड़ियों को मौका देने का अवसर भी है.

सुंदर की वापसी पर भी रहेंगी निगाहें

वॉशिंगटन सुंदर की भी अंतिम मुकाबले में वापसी हो सकती है. इंग्लैंड दौरे के दौरान चोटिल होने के बाद वह करीब दो महीने के अंतराल पर मैदान में लौट सकते हैं. उन्हें शिवम दुबे की जगह उतारे जाने की संभावना है. मौजूदा सीरीज में दुबे को बल्लेबाजी का ज्यादा अवसर नहीं मिला, जबकि गेंदबाजी और फील्डिंग में उनका प्रदर्शन चर्चा में रहा. ऐसे में सुंदर को आजमाना टीम के लिए एक संभावित बदलाव हो सकता है.

अर्शदीप की जगह यश ठाकुर को मिल सकता है मौका

तेज गेंदबाजी में भी एक बदलाव देखने को मिल सकता है. अर्शदीप सिंह की जगह यश ठाकुर को तीसरे मैच में खेलने का अवसर मिल सकता है. जसप्रीत बुमराह को आराम देने का विकल्प भी टीम के पास है, लेकिन चोट के बाद वापसी कर रहे बुमराह के लिए मैच अभ्यास अहम हो सकता है. ऐसे में उनके तीसरे मुकाबले में भी खेलने की संभावना बनी हुई है. बदलाव होने पर बुमराह के साथ यश ठाकुर तेज गेंदबाजी संभाल सकते हैं.