देशभर में गर्मी ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है. इस तपती गर्मी से बचने के लिए लोग अलग-अलग जुगाड़ लगा रहे हैं. कोई कूलर, कोई एसी तो कोई आसान उपाय ढूंढ रहे हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर एक देशी जुगाड़ काफी तेजी से वायरल हो रहा है. जिसमें एक दुकानदार ने स्टैंड फैन को मिनी एसी में तब्दील कर दिया.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक साधारण स्टैंड फैन के सामने एक गीला तौलिया लटका हुआ है. फैन की हवा तौलिए से गुजरकर ठंडी हो जाती है, जिससे कमरे में हल्की ठंडक फैलती है. लेकिन समस्या यह है कि तौलिया जल्दी सूख जाता है. इसे हल करने के लिए व्यक्ति ने कमाल का इंतजाम किया है.
वीडियो में नजर आ रहा है कि व्यक्ति ने पंखे के पास में एक पानी की बोतल टांगी है, जिसमें मेडिकल ड्रिप सेट का पाइप लगा हुआ है. यह पाइप धीरे-धीरे तौलिए पर पानी टपकाता रहता है, जिससे तौलिया लंबे समय तक गीला बना रहता है. यह जुगाड़ इतना सरल है कि इसे घर में आसानी से आजमाया जा सकता है. इसमें महंगे उपकरणों की जरूरत नहीं बस एक पुराना स्टैंड फैन, तौलिया, पानी की बोतल और ड्रिप सेट का पाइप काफी है. यह वीडियो एक्स पर अबतक हजारों लोगों ने देखा है. कई यूजर्स ने इसे शेयर करते हुए अपनी राय दी.
Indian jugaad at its best 😅
— Nightmare of Haters 😎 (@imTrueIndia1) April 24, 2026
Pakoda vendor का desi fan cooler, simple, smart और effective innovation.
इसे ही कहते हैं Technologia... pic.twitter.com/nTVzEVwhti
भारत में जुगाड़ कोई नई बात नहीं है. चाहे गांव हो या शहर, लोग रोजमर्रा की समस्याओं को सस्ते और रचनात्मक तरीके से हल करते हैं. छोटी-मोटी मरम्मत से लेकर बड़े-बड़े इंतजाम तक, जुगाड़ हर जगह दिखता है. गर्मियों में तो यह और बढ़ जाता है, कुछ लोग पुरानी बोतलों से कूलर बनाते हैं, तो कुछ अखबार या गीले कपड़ों से हवा ठंडी करते हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे जुगाड़ पर्यावरण के अनुकूल भी होते हैं क्योंकि इनमें बिजली की खपत कम होती है और प्लास्टिक या कचरे का पुन: उपयोग होता है. हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि इस्तेमाल किए गए पानी को साफ रखें ताकि नमी से फफूंद या बैक्टीरिया न फैले. हालांकि जुगाड़ लगाने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है.