menu-icon
India Daily

'कलपक्कम रिएक्टर ने बढ़ाया देश का गर्व...', जानें मन की बात में पीएम मोदी ने आज किन-किन मुद्दों पर की चर्चा

मन की बात के 133वें एपिसोड में पीएम मोदी ने कलपक्कम फास्ट ब्रीडर रिएक्टर को भारत के परमाणु ऊर्जा सफर का ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया. चलिए जानते हैं पीएम ने इस एपिसोड और क्या-क्या कहा.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
'कलपक्कम रिएक्टर ने बढ़ाया देश का गर्व...', जानें मन की बात में पीएम मोदी ने आज किन-किन मुद्दों पर की चर्चा
Courtesy: @mannkibaat X account

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 133वें एपिसोड में देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों, अंतरिक्ष कार्यक्रम, परमाणु ऊर्जा, पवन ऊर्जा और सांस्कृतिक एकता पर विस्तार से बात की. उन्होंने कहा कि भारत ने हमेशा विज्ञान को विकास का मजबूत साधन माना है और आज वैज्ञानिकों की मेहनत से देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है.

पीएम मोदी ने कहा कि चुनावी व्यस्तताओं के बीच भी देशभर से लोगों ने उन्हें पत्र और संदेश भेजकर भारत की उपलब्धियों पर गर्व जताया है. उन्होंने बताया कि इस बार मन की बात की शुरुआत एक बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि से की जा रही है, जिसने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है.

पीएम ने फास्ट ब्रीडर रिएक्टर के बारे में क्या कहा?

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु के कलपक्कम में स्थित फास्ट ब्रीडर रिएक्टर की ऐतिहासिक उपलब्धि का विशेष रूप से जिक्र किया. उन्होंने बताया कि इस रिएक्टर ने हाल ही में क्रिटिकलिटी हासिल की है. इसका मतलब है कि अब इसके संचालन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. पीएम मोदी ने इसे भारत के परमाणु ऊर्जा सफर में एक बड़ा मील का पत्थर बताया.

उन्होंने कहा कि सबसे खास बात यह है कि यह रिएक्टर पूरी तरह स्वदेशी तकनीक से तैयार किया गया है. इसमें किसी विदेशी तकनीक का उपयोग नहीं किया गया. यह भारत की वैज्ञानिक ताकत, आत्मनिर्भरता और परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में बढ़ती क्षमता का मजबूत उदाहरण है.

अंतरिक्ष कार्यक्रम की भी सराहना की

पीएम मोदी ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि भारत का स्पेस प्रोग्राम अब केवल वैज्ञानिक उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के निर्माण और विकास का मजबूत आधार बन चुका है. वैज्ञानिकों के लगातार प्रयासों से भारत वैश्विक स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है.

पीएम मोदी ने आगे और क्या कहा?

उन्होंने पवन ऊर्जा यानी विंड एनर्जी पर भी जोर दिया. पीएम मोदी ने कहा कि हवा से मिलने वाली ऊर्जा भारत के विकास की नई कहानी लिख रही है. उन्होंने बताया कि देश की पवन ऊर्जा उत्पादन क्षमता अब 56 गीगावॉट से अधिक हो चुकी है, जिससे भारत दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच गया है. उन्होंने इसे हरित भविष्य और ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम बताया.

बुद्ध पूर्णिमा की दी अग्रिम शुभकामनाएं

प्रधानमंत्री ने देशवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं. उन्होंने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध का जीवन संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है. बुद्ध ने सिखाया कि शांति की शुरुआत अपने भीतर से होती है और खुद पर विजय पाना सबसे बड़ी जीत है.

पीएम मोदी ने बीटिंग रिट्रीट समारोह को सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया. उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में भारतीय संगीत को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिसे लोग काफी पसंद कर रहे हैं. इस साल वायुसेना, थलसेना, नौसेना और सीएपीएफ के बैंडों ने शानदार प्रदर्शन किया.

बांस का उत्पाद और नए डिजिटल पोर्टल का किया जिक्र

उन्होंने लोगों से पूर्वोत्तर भारत से कम से कम एक बांस का उत्पाद खरीदने की अपील भी की. साथ ही राष्ट्रीय अभिलेखागार के नए डिजिटल पोर्टल का जिक्र करते हुए कहा कि 20 करोड़ से अधिक ऐतिहासिक दस्तावेज अब डिजिटल रूप में उपलब्ध हैं, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए बहुत उपयोगी साबित होंगे.

पीएम मोदी ने भारतीय छात्राओं पर जताया गर्व

पीएम मोदी ने फ्रांस के बोर्डो में हुए यूरोपीय गर्ल्स मैथमेटिकल ओलंपियाड में भारतीय छात्राओं की शानदार सफलता पर गर्व जताया. भारत की टीम ने दुनिया में छठा स्थान हासिल किया. मुंबई की श्रेया मुंधाड़ा ने गोल्ड, तिरुवनंतपुरम की सानजना चाको ने सिल्वर और चेन्नई की शिवानी भरथ कुमार ने ब्रॉन्ज मेडल जीता. पीएम ने उन्हें देश का गौरव बताया.

जनगणना 2027 पर क्या बोले?

उन्होंने जनगणना 2027 को दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल जनगणना अभियान बताया. नागरिक अब खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे और उन्हें एक विशेष आईडी मिलेगी. पीएम ने कहा कि जनगणना पूरे देश की साझा जिम्मेदारी है और सभी की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रहेगी.

साथ ही उन्होंने भारत के डेयरी सेक्टर की भी सराहना की. ब्राजील में हुई अंतरराष्ट्रीय चीज प्रतियोगिता में भारतीय चीज ब्रांड्स ने पुरस्कार जीतकर देश का नाम रोशन किया.

पीएम मोदी ने  स्कूल में बच्चों की छुट्टियों को लेकर संदेश देते हुए कहा कि बच्चों से यह भी अपील की कि वे सिर्फ मनोरंजन ही न करें, बल्कि इस दौरान कुछ नया सीखने की कोशिश भी करें.