menu-icon
India Daily

जिसने हाथ पकड़कर चलना सिखाया, उसे पहली बार कराई आसमान की सैर....भावुक कर देगी पायलट बेटे और मां की कहानी

दिल्ली के एक एयर इंडिया पायलट के लिए ड्यूटी का एक दिन जीवन की सबसे यादगार उड़ान बन गया. पहली बार उन्हें अपनी मां को उसी विमान में यात्री के रूप में उड़ाने का अवसर मिला. यह भावुक पल सोशल मीडिया पर भी लोगों का दिल जीत रहा है.

KanhaiyaaZee
जिसने हाथ पकड़कर चलना सिखाया, उसे पहली बार कराई आसमान की सैर....भावुक कर देगी पायलट बेटे और मां की कहानी
Courtesy: Instagram

नई दिल्ली: हर पायलट के करियर में कई यादगार उड़ानें होती हैं, लेकिन कुछ सफर ऐसे होते हैं जो पेशेवर जिम्मेदारी से आगे बढ़कर निजी भावनाओं से जुड़ जाते हैं. दिल्ली के एयर इंडिया पायलट तनिष अरोड़ा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उन्हें पहली बार अपनी मां को उस विमान में उड़ाने का मौका मिला, जिसकी कमान उनके हाथ में थी. इस पूरे अनुभव का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसने मां-बेटे के रिश्ते की खूबसूरती को लोगों के सामने बेहद भावुक अंदाज में पेश किया.

एयर इंडिया के पायलट तनिष अरोड़ा ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस खास दिन की झलक साझा की. वीडियो की शुरुआत उनके पायलट की वर्दी पहनने से होती है. इसके बाद वह बताते हैं कि आज की उड़ान उनके पूरे करियर की सबसे खास उड़ान है, क्योंकि पहली बार उनकी मां उसी विमान में सफर करने वाली हैं जिसे वह स्वयं उड़ाने जा रहे हैं.

हवाई अड्डे तक साथ का सफर

वीडियो में तनिष अपनी मां के साथ टैक्सी से एयरपोर्ट पहुंचते दिखाई देते हैं. रास्ते में उन्होंने अपनी मां से पूछा कि बेटे द्वारा उड़ाए जाने वाले विमान में सफर करने को लेकर वह कैसा महसूस कर रही हैं. इस पर उनकी मां मुस्कुराते हुए कहती हैं कि वह इस पल को लेकर बेहद उत्साहित हैं. दोनों एयरपोर्ट पर साथ समय बिताते और बोर्डिंग गेट तक साथ चलते भी नजर आते हैं.

मां की एक सलाह ने छू लिया दिल

उड़ान की तैयारी के लिए जब तनिष को कॉकपिट की ओर जाना था, उससे पहले उन्होंने अपनी मां से आखिरी बार पूछा कि क्या वह कुछ कहना चाहेंगी. इस पर उनकी मां ने सिर्फ इतना कहा, "अच्छे से और सुरक्षित उड़ाना." मां के इन शब्दों ने इस पूरे पल को और भी भावुक बना दिया. यही छोटी-सी बातचीत लाखों लोगों को पसंद आ रही है.

भावुक संदेश ने जीता लोगों का दिल

वीडियो साझा करते हुए तनिष ने लिखा कि जिस मां ने बचपन में उनका हाथ पकड़कर चलना सिखाया था, आज वही उनकी सबसे पसंदीदा यात्री बन गई हैं. उन्होंने इस सफर को अपने जीवन का सबसे अनमोल अनुभव बताया. इस भावुक संदेश ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचा और हजारों प्रतिक्रियाएं मिलने लगीं.

सोशल मीडिया पर मिली खूब सराहना

वीडियो देखने के बाद बड़ी संख्या में लोगों ने इसे मां-बेटे के रिश्ते की खूबसूरत मिसाल बताया. कई लोगों ने लिखा कि किसी पायलट के लिए अपने परिवार के सदस्य को उड़ाना सबसे गर्व और खुशी का क्षण होता है. कुछ अभिभावकों ने भी उम्मीद जताई कि भविष्य में उनके बच्चे भी ऐसी ही उपलब्धि हासिल करें और उन्हें अपने विमान में सफर कराएं.