menu-icon
India Daily

अभी तक नहीं की LPG e-KYC? डेडलाइन खत्म, अगर नहीं किया तो क्या होगा?

एलपीजी सिलेंडर की ई-केवाईसी यानी इलेक्ट्रॉनिक केवाईसी की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 थी. अब यह डेडलाइन बीत चुकी है. कई लोगों के मन में सवाल है कि जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की, उनका क्या होगा? चलिए जानते हैं.

Shilpa Shrivastava
अभी तक नहीं की LPG e-KYC? डेडलाइन खत्म, अगर नहीं किया तो क्या होगा?
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: एलपीजी सिलेंडर की ई-केवाईसी यानी इलेक्ट्रॉनिक केवाईसी की आखिरी तारीख 16 अगस्त 2026 थी. अब यह डेडलाइन बीत चुकी है. कई लोगों के मन में सवाल है कि जिन्होंने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की, उनका क्या होगा? क्या उनका एलपीजी कनेक्शन रद्द हो जाएगा? मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस, इंडेन गैस, भारत गैस और एचपी गैस ने सोशल मीडिया और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर मैसेज भेजकर बार-बार अलर्ट किया था.

गैस कंपनियों और मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस का अलर्ट:

यह नियम इंडेन गैस, भारत गैस और एचपी गैस के घरेलू एलपीजी ग्राहकों पर लागू होता है. आधिकारिक संदेशों में साफ कहा गया है कि जो लोग ई-केवाईसी नहीं करते, वे वेरिफिकेशन पूरा होने तक डॉमेस्टिक कीमत पर सिलेंडर नहीं ले पाएंगे. जिन्होंने पहले ही कर लिया है, उन्हें दोबारा करने की जरूरत नहीं है. मिनिस्ट्री ऑफ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने भी साफ किया है कि यह बाकी ग्राहकों के लिए यह अनिवार्य है.

16 अगस्त बीतने के बाद क्या होगा?

डेडलाइन निकल जाने का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आपका एलपीजी कनेक्शन हमेशा के लिए रद्द हो जाएगा. गैस कंपनियों के अलर्ट में साफ लिखा है कि ई-केवाईसी पूरी नहीं करने वाले लोग वेरिफिकेशन होने तक घरेलू रेट पर सिलेंडर पाने के योग्य नहीं रहेंगे. यानी असली चिंता कनेक्शन खोने की नहीं, बल्कि घरेलू रेट पर सिलेंडर न मिलने की है. जब तक आप ई-केवाईसी पूरा नहीं करते, तब तक घरेलू सब्सिडी वाला सस्ता सिलेंडर नहीं मिलेगा.

घरेलू रेट नहीं मिला तो कितना पैसा देना पड़ेगा?

यह सबसे बड़ा नुकसान है. अगर घरेलू रेट पर सिलेंडर नहीं मिला तो कमर्शियल रेट चुकाना पड़ सकता है, जो काफी महंगा है. अभी 14.2 किलो वाले घरेलू सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये है. वहीं, 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत दिल्ली में 2,738 रुपये, मुंबई में 2,691.50 रुपये, कोलकाता में 2,872.50 रुपये और चेन्नई में 2,906 रुपये है. कुछ शहरों में यह 3,000 रुपये से भी ज्यादा है. साफ है कि घरेलू रेट खोने से गैस का खर्च बहुत बढ़ जाएगा.

क्या कनेक्शन रद्द हो जाएगा?

नहीं, कनेक्शन स्थायी रूप से रद्द नहीं होगा. बीपीसीएल समेत गैस कंपनियों के नोटिस में कहा गया है कि अगर कोई ग्राहक डेडलाइन चूक जाता है तो ई-केवाईसी पूरा होने तक कनेक्शन अस्थायी रूप से निलंबित यानी सस्पेंड किया जा सकता है. लेकिन हमेशा के लिए बंद नहीं होगा. जैसे ही आप ई-केवाईसी पूरा कर लेंगे, कनेक्शन और उसके सभी फायदे वापस मिल जाएंगे.

एलपीजी ई-केवाईसी कैसे पूरा करें?

इंडियन ऑयल के ग्राहक घर बैठे इंडियनऑयल वन ऐप से कर सकते हैं. आप अपने एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के पास जाकर या डिलीवरी करने वाले कर्मचारी के माध्यम से भी कर सकते हैं. इस प्रक्रिया में आधार कार्ड से वेरिफिकेशन होता है. बाकी कंपनियों के ग्राहक भी अपनी कंपनी के आधिकारिक ऐप, वेबसाइट, डिस्ट्रीब्यूटर या डिलीवरी बॉय की मदद से आसानी से पूरा कर सकते हैं.

क्या करना चाहिए?

आपका एलपीजी कनेक्शन रद्द नहीं हो रहा है. लेकिन ई-केवाईसी को लंबित या अनदेखा मत रखें. अभी चेक कर लें कि आपने प्रक्रिया पूरी की है या नहीं. अगर नहीं की है तो जल्द से जल्द अपनी गैस कंपनी के ऐप, डिस्ट्रीब्यूटर या डिलीवरी कर्मी के जरिए वेरिफिकेशन पूरा कर लें. इससे आपको घरेलू रेट पर सस्ता सिलेंडर मिलता रहेगा और किसी तरह की परेशानी नहीं होगी.