menu-icon
India Daily

Diwali-Chhath Special Trains 2026: दिवाली-छठ पर घर जाने की टेंशन खत्म! रेलवे ने चलाईं 6 स्पेशल ट्रेनें, कन्फर्म सीट की गारंटी

दिवाली और छठ पूजा पर घर लौटने वाले यात्रियों के लिए पूर्व मध्य रेल ने राहत भरी खबर दी है. तीन रूटों पर कुल 6 स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी, जिनकी बुकिंग शुरू हो चुकी है.

reepu
Edited By: Reepu Kumari
Diwali-Chhath Special Trains 2026: दिवाली-छठ पर घर जाने की टेंशन खत्म! रेलवे ने चलाईं 6 स्पेशल ट्रेनें, कन्फर्म सीट की गारंटी
Courtesy: Pinterest

Diwali-Chhath Special Trains 2026: त्योहारी सीजन में घर जाने वालों की भीड़ को देखते हुए पूर्व मध्य रेल ने बड़ी राहत देते हुए दिवाली और छठ पूजा के लिए 6 स्पेशल ट्रेनों की घोषणा की है. श्रीगंगानगर-समस्तीपुर, पोतनूर-बरौनी और एरणाकुलम-पटना रूट पर चलने वाली ये गाड़ियां बिहार को पंजाब, दक्षिण भारत और राजस्थान से जोड़ेंगी. इन ट्रेनों से वेटिंग लिस्ट की समस्या कम होगी और यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की उम्मीद बढ़ेगी.

भारी भीड़ को देखते हुए बनाया खास प्लान

हर साल की तरह इस बार भी त्योहारों के मौसम में घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या भारी रहने की उम्मीद है. इसी को ध्यान में रखते हुए पूर्व मध्य रेल ने अक्टूबर और नवंबर 2026 के दौरान साप्ताहिक आधार पर ये स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है. इनका मकसद पटना, समस्तीपुर और बरौनी जैसे शहरों को पंजाब, तमिलनाडु और केरल से बेहतर तरीके से जोड़ना है.

कौन-कौन सी ट्रेनें होंगी उपलब्ध

श्रीगंगानगर-समस्तीपुर स्पेशल 18 अक्टूबर से हर रविवार चलेगी, जबकि इसकी वापसी सेवा 20 अक्टूबर से हर मंगलवार को मिलेगी, दोनों कुल सात-सात फेरे लगाएंगी. पोतनूर-बरौनी स्पेशल 4 अक्टूबर से और इसकी वापसी 7 अक्टूबर से शुरू होगी, दोनों पांच-पांच फेरे पूरे करेंगी. एरणाकुलम-पटना रूट पर भी 2 अक्टूबर से सेवा शुरू होगी.

दक्षिण भारत और केरल के यात्रियों को भी राहत

एरणाकुलम-पटना स्पेशल हर शुक्रवार चलेगी और कुल पांच फेरे लगाएगी, जबकि पटना से वापसी की सेवा हर मंगलवार को मिलेगी. यह ट्रेन खासतौर पर केरल में रह रहे बिहारी प्रवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आई है, जिन्हें अक्सर त्योहारों के दौरान कन्फर्म टिकट न मिलने की परेशानी झेलनी पड़ती थी.

ऐसे कराएं बुकिंग, इस तरह चेक करें स्टेटस

इन सभी पूजा स्पेशल ट्रेनों में सीटों का आवंटन पहले ही शुरू हो चुका है. यात्री आईआरसीटीसी की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या नजदीकी रेलवे टिकट काउंटर से आसानी से बुकिंग कर सकते हैं. ट्रेनों के स्टॉपेज, समय और रूट से जुड़ी पूरी जानकारी के लिए भारतीय रेल के पोर्टल या एनटीईएस ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है.

समय से पहले बुकिंग करना क्यों जरूरी

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारी सीजन में सीटों की मांग बेहद तेजी से बढ़ती है, इसलिए यात्रियों को जल्द से जल्द अपनी बुकिंग करा लेनी चाहिए. देरी करने पर वेटिंग लिस्ट लंबी हो सकती है और कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है. खासकर बिहार लौटने वाले प्रवासी मजदूरों और छात्रों के लिए यह सुविधा बड़ी राहत साबित हो सकती है, बशर्ते वे समय रहते अपनी यात्रा योजना बना लें.