टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया यानी TRAI ने मोबाइल यूजर्स के लिए नए नियम लागू किए हैं. TRAI ने टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण (तेरहवां संशोधन) विनियमन, 2026 जारी किया है. इसके तहत सभी टेलीकॉम कंपनियों को ऐसे रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराने होंगे, जिनमें सिर्फ वॉयस कॉलिंग और SMS की सुविधा होगी. इन प्लान में मोबाइल डेटा शामिल नहीं किया जाएगा.
TRAI के मुताबिक, मौजूदा समय में बिना डेटा वाले ऐसे रिचार्ज विकल्प सीमित हैं. खासकर कम अवधि वाले प्लान में ग्राहकों को अपनी जरूरत के मुताबिक विकल्प नहीं मिल पाते. इसी समस्या को देखते हुए नए नियम लाए गए हैं.
नए नियमों के अनुसार, 30 दिन या उससे कम वैलिडिटी वाला रिचार्ज चाहने वाले ग्राहकों के लिए कंपनियों को Voice और SMS Only प्लान उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा. यानी जिन लोगों को इंटरनेट डेटा की जरूरत नहीं है, वे केवल कॉल और मैसेज के लिए रिचार्ज करा सकेंगे. इसके साथ ही कंपनियों को ऐसा विकल्प भी देना होगा, जिसमें ग्राहक हर महीने एक निश्चित तारीख को अपना रिचार्ज दोबारा करा सके. इससे रिचार्ज की तारीख बार-बार बदलने की परेशानी कम होगी और ग्राहकों के लिए मोबाइल सेवा को मैनेज करना आसान होगा.
TRAI ने कंपनियों के लिए लंबी अवधि वाले Voice-SMS Only प्लान को लेकर भी प्रावधान किया है. हर टेलीकॉम कंपनी को 30 दिन से अधिक वैलिडिटी वाला कम से कम एक ऐसा प्लान उपलब्ध कराना होगा. TRAI ने यह भी कहा है कि इन प्लान की कीमतों को उचित स्तर पर रखा जाना चाहिए, ताकि बिना डेटा की जरूरत वाले ग्राहकों को अनावश्यक रूप से महंगे डेटा प्लान का चुनाव न करना पड़े.
इस फैसले का लाभ खास तौर पर उन लोगों को मिल सकता है, जो मोबाइल इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करते या बहुत कम करते हैं. बुजुर्गों और कम आय वाले ग्राहकों के लिए भी यह बदलाव उपयोगी हो सकता है. अब उन्हें केवल कॉल और SMS की जरूरत होने पर डेटा के लिए अतिरिक्त भुगतान करने की जरूरत नहीं होगी.
TRAI ने बताया कि इन नियमों के मसौदे पर लोगों और संबंधित पक्षों से कुल 1,132 प्रतिक्रियाएं प्राप्त हुई थीं. इन सुझावों और प्रतिक्रियाओं पर विचार करने के बाद नए नियमों को अंतिम रूप दिया गया है. TRAI का यह कदम टेलीकॉम ग्राहकों को उनकी जरूरत के मुताबिक रिचार्ज विकल्प उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है.