नई दिल्ली: गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई का आज जन्मदिन है. वे 54 साल के हो गए हैं. उनका जन्म 10 जून 1972 को हुआ था. भारतीय मूल के पिचाई आज पूरी दुनिया में टेक जगत के सबसे चर्चित चेहरों में से एक हैं. सुंदर पिचाई 2004 में गूगल से जुड़े थे. कंपनी में उन्होंने तेजी से तरक्की की. 2015 में गूगल के सीईओ बनने से पहले 11 साल में उन्हें 4 बार प्रमोशन मिल चुके थे.
शुरू में वे प्रोडक्ट मैनेजमेंट के वाइस प्रेसिडेंट थे. बाद में उन्हें गूगल के को-फाउंडर लैरी पेज का दाहिना हाथ माना जाने लगा. हाल ही में गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट के बोर्ड ने सुंदर पिचाई को 3 साल का नया परफॉर्मेंस पैकेज दे दिया है. इसके तहत वे अगले 3 साल में 69.2 करोड़ डॉलर (लगभग 5,700 करोड़ रुपये) तक कमा सकते हैं. हालांकि, यह पैकेज ज्यादातर स्टॉक यूनिट्स (शेयर) के रूप में है. इसका फायदा तभी मिलेगा जब कंपनी अच्छा प्रदर्शन करेगी.
सुंदर पिचाई के नेतृत्व में पिछले 10 साल में गूगल की वैल्यू बहुत बढ़ी है. कंपनी का मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 7 गुना बढ़कर 3.6 ट्रिलियन डॉलर हो गया है. इस साल जनवरी में यह 4 ट्रिलियन डॉलर के पार भी चला गया था. 9 जून 2026 तक सुंदर पिचाई की नेट वर्थ 1.6 अरब डॉलर (लगभग 15,265 करोड़ रुपये) थी. वे पहले मैकिन्से कंपनी में काम करते थे. गूगल के शेयरों की वजह से ही वे अरबपति बन गए.
उन्हें सालाना 20 लाख डॉलर की सैलरी मिलती है. इसके अलावा कंपनी उनकी निजी सुरक्षा का खर्च भी उठाती है, जो 2024 में 83 लाख डॉलर तक पहुंच गया. पिचाई और उनकी पत्नी अंजलि के पास कुल 16.7 लाख गूगल शेयर हैं.
सुंदर पिचाई का पूरा नाम पिचाई सुंदरराजन है. वे चेन्नई में पले-बढ़े. पिता इलेक्ट्रिकल इंजीनियर थे. उन्होंने IIT खड़गपुर से मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. इसके बाद स्टैनफोर्ड से मास्टर डिग्री और यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिल्वेनिया के व्हार्टन स्कूल से MBA किया. 1993 में वे अमेरिका चले गए थे.
आज सुंदर पिचाई न सिर्फ गूगल बल्कि पूरी टेक इंडस्ट्री के लिए प्रेरणा हैं. उनकी मेहनत और स्मार्ट लीडरशिप ने गूगल को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है.