Apple ने अपने वार्षिक डेवलपर इवेंट WWDC 2026 के दौरान iOS 27 की घोषणा करके iPhone यूजर्स को बड़ी सौगात दी है. इस नए ऑपरेटिंग सिस्टम में डिजाइन, सुरक्षा, फोटोग्राफी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े कई बड़े बदलाव शामिल किए गए हैं. Apple ने इस बार भी पुराने कई iPhone मॉडल्स को सपोर्ट देना जारी रखा है. डेवलपर बीटा जारी होने के बाद टेक्नोलॉजी जगत में iOS 27 को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
Apple ने इसमें Liquid Glass डिजाइन लैंग्वेज को और बेहतर बनाया है, जिससे इंटरफेस पहले से ज्यादा आकर्षक दिखाई देगा. Photos और Mail एप्लिकेशन में नए फीचर्स जोड़े गए हैं. बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए भी कई सुधार किए गए हैं. सबसे बड़ी घोषणा नई और अधिक स्मार्ट Siri को लेकर हुई है, जिसका इंतजार यूजर्स पिछले दो वर्षों से कर रहे थे. Apple Intelligence के जरिए Siri अब पहले से अधिक उपयोगी और समझदार बनने का दावा कर रही है.
Apple ने पुराने iPhone यूजर्स को भी राहत दी है. कंपनी ने पुष्टि की है कि iOS 27, iPhone 11 सीरीज और उसके बाद आने वाले सभी मॉडल्स में काम करेगा. इसमें iPhone 16 Series, iPhone 15 Series, iPhone 14 Series, iPhone 13 Series, iPhone 12 Series, iPhone 11 Series, iPhone SE 2022 और iPhone SE 2020 शामिल हैं. हालांकि Apple Intelligence आधारित फीचर्स केवल iPhone 15 Pro और उसके बाद के प्रीमियम मॉडल्स तक सीमित रहेंगे.
Apple ने डेवलपर बीटा को उन यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया है जो नए फीचर्स सबसे पहले आजमाना चाहते हैं. इसके लिए सबसे पहले beta.apple.com पर जाकर Apple Developer Account बनाना होगा. Apple ID के जरिए साइन इन करने के बाद नियम और शर्तों को स्वीकार करना होगा. इसके बाद उसी अकाउंट से iPhone में लॉगिन करें. फिर Settings > General > Software Update > Beta Updates में जाकर Developer Beta विकल्प चुनें. इसके बाद नया अपडेट उपलब्ध होने पर स्क्रीन पर दिखाई देगा और इंस्टॉल किया जा सकेगा.
iOS 27 Developer Beta एक प्री-रिलीज वर्जन है, इसलिए इसमें कुछ बग्स मौजूद हो सकते हैं जो बैटरी लाइफ, परफॉर्मेंस या ऐप कम्पैटिबिलिटी को प्रभावित कर सकते हैं. Apple ने सलाह दी है कि अपडेट इंस्टॉल करने से पहले पूरा डेटा बैकअप जरूर लें. विशेषज्ञों का मानना है कि यदि आपका iPhone रोजमर्रा के महत्वपूर्ण कामों के लिए इस्तेमाल होता है, तो स्थिर सार्वजनिक संस्करण आने तक इंतजार करना बेहतर विकल्प हो सकता है.