नई दिल्ली: Apple ने फोल्डेबल फोन की दुनिया में कदम रख दिया है. कंपनी का iPhone Duo किताब की तरह खुलने वाले डिजाइन के साथ आया है और सीधे Samsung Galaxy Z Fold 8 Ultra को चुनौती देता है. दोनों प्रीमियम फोन बड़े इंटरनल डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और अपने अपने AI फीचर्स के साथ आते हैं. हालांकि, पहली नजर में समान दिखने वाले इन दोनों फोल्डेबल फोन की कीमत और हार्डवेयर में काफी अंतर है. यही अंतर खरीदारी का फैसला बदल सकता है.
iPhone Duo में 7.6 इंच का Super Retina XDR फोल्डिंग डिस्प्ले मिलता है, जबकि Galaxy Z Fold 8 Ultra में 8 इंच की AMOLED स्क्रीन दी गई है. कवर स्क्रीन में भी Samsung आगे है. Apple का फोन A20 Pro चिपसेट और iOS 27 पर चलता है, वहीं Samsung मॉडल कस्टम Snapdragon 8 Elite Gen 5 for Galaxy और Android 17 के साथ आता है. दोनों में AI सुविधाएं हैं, लेकिन उनका इस्तेमाल अलग अनुभव देता है.
कीमत के मामले में दोनों फोन के बीच बड़ा फासला है. iPhone Duo का 256GB मॉडल 2,99,900 रुपये से शुरू होता है. 512GB की कीमत 3,24,900 रुपये, 1TB की 3,74,900 रुपये और 2TB मॉडल की कीमत 4,49,900 रुपये है. दूसरी ओर, Galaxy Z Fold 8 Ultra का 12GB RAM और 256GB स्टोरेज मॉडल 1,99,999 रुपये में आता है. Samsung के 512GB और 1TB मॉडल क्रमशः 2,19,999 और 2,59,999 रुपये के हैं.
स्क्रीन की बात करें तो iPhone Duo में 7.6 इंच का Super Retina XDR पैनल है, जिसमें ProMotion और 120Hz तक रिफ्रेश रेट मिलता है. इसमें Always On Display और Dynamic Island भी है. Samsung का 8 इंच AMOLED इंटरनल डिस्प्ले 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है, जबकि कवर स्क्रीन 6.5 इंच की है. iPhone Duo में Apple Intelligence और Siri AI मिलता है, वहीं Samsung फोन Galaxy AI फीचर्स के साथ आता है.
कैमरे में Samsung ज्यादा सेंसर देता है, जबकि Apple ने दो 48MP रियर कैमरे लगाए हैं. iPhone Duo में 48MP Fusion Main और 48MP Fusion Ultra Wide कैमरा है. मुख्य कैमरे में वैरिएबल अपर्चर दिया गया है. फ्रंट में 12MP Centre Stage कैमरा और फोल्डिंग स्क्रीन के नीचे FaceTime कैमरा है. Galaxy Z Fold 8 Ultra में 200MP मुख्य, 50MP अल्ट्रा वाइड और 10MP टेलीफोटो कैमरा मिलता है. दोनों डिस्प्ले पर 10MP कैमरा है.
बैटरी और डिजाइन में भी दोनों अलग नजर आते हैं. iPhone Duo बाहरी स्क्रीन से 44 घंटे और अंदरूनी स्क्रीन से 31 घंटे तक वीडियो प्लेबैक का दावा करता है. Samsung फोन में 5,000mAh बैटरी, 45W वायर्ड और 20W वायरलेस चार्जिंग है. iPhone Duo मुड़ने पर 11.3mm मोटा और 254 ग्राम भारी है, जबकि Galaxy Z Fold 8 Ultra बंद होने पर 8.9mm और 215 ग्राम का है. यानी Samsung हल्का और पतला है.