जोमैटो के सह-संस्थापक दीपिंदर गोयल के ब्रेन मॉनिटरिंग गैजेट TEMPLE की कीमत सामने आई है. इस डिवाइस की कीमत 85,000 रुपये रखी गई है. इसमें लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन भी शामिल है. पहले बैच के लिए प्री-ऑर्डर 1 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले हैं.
TEMPLE की कीमत की जानकारी उन लोगों को मिले इनवाइट से सामने आई है, जिन्हें कंपनी ने अर्ली-बर्ड आमंत्रण भेजा है. इसके मुताबिक, यूजर्स TEMPLE ऐप की मदद से आम प्री-ऑर्डर शुरू होने से पहले अपना ऑर्डर दे सकेंगे. शुरुआती बैच में डिवाइस सीमित संख्या में उपलब्ध होंगे. सोशल मीडिया पर भी एक यूजर ने यह इनवाइट साझा किया है.
दीपिंदर गोयल कई बार TEMPLE पहने नजर आ चुके हैं. बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी लाइव मैच के दौरान इसे पहन चुकी हैं. गोयल के मुताबिक, यह डिवाइस छह रंगों में पेश किया जाएगा. इनमें ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड और ब्लैक मिरर जैसे विकल्प शामिल हैं.
TEMPLE का मुख्य उद्देश्य दिमाग में रक्त प्रवाह यानी ब्रेन ब्लड फ्लो से जुड़े संकेतों को ट्रैक करना है. गोयल ने इस तकनीक को ‘ब्रेन फ्लो’ नाम दिया है. इसका काम सामान्य स्मार्टवॉच और फिटनेस ट्रैकर से अलग है, क्योंकि इसका फोकस दिमाग में रक्त प्रवाह की निगरानी पर है. हालांकि, इसे बीमारी का पता लगाने वाला प्रमाणित मेडिकल उपकरण मानने से पहले इसकी वैज्ञानिक उपयोगिता और सटीकता के प्रमाण देखना जरूरी है.