menu-icon
India Daily

5 मिनट में गर्मी की होगी ‘बत्ती गुल’, इस ह्यूमन रेफ्रिजरेटर में बैठकर इंसान को तुरंत मिलेगी ठंडक

दुनिया भर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब नई-नई टेक्नोलॉजी सामने आ रही हैं. जापान की कंपनी SDRS ने एक खास पर्सनल कूलिंग डिवाइस बनाया है, जिसे ‘ह्यूमन रेफ्रिजरेटर’ कहा जा रहा है.

Shilpa Shrivastava
5 मिनट में गर्मी की होगी ‘बत्ती गुल’, इस ह्यूमन रेफ्रिजरेटर में बैठकर इंसान को तुरंत मिलेगी ठंडक
Courtesy: AI Generated

नई दिल्ली: दुनिया भर में बढ़ती गर्मी को देखते हुए अब नई-नई टेक्नोलॉजी सामने आ रही हैं. जापान की कंपनी SDRS ने एक खास पर्सनल कूलिंग डिवाइस बनाया है, जिसे ‘ह्यूमन रेफ्रिजरेटर’ कहा जा रहा है. इसका असली नाम Do Hiemon Box है. यह एक छोटा कूलिंग बॉक्स है, जिसमें बैठते ही इंसान को तुरंत ठंडक मिलती है.

कैसे काम करता है यह डिवाइस?

यह एक छोटा केबिन जैसा होता है, जिसमें एक व्यक्ति आराम से बैठ सकता है. इसके अंदर तापमान लगभग 15°C रखा जाता है. जैसे ही कोई इसमें बैठता है, तो 5°C की ठंडी हवा सीधे सिर, गर्दन और पीठ पर डाली जाती है. इससे शरीर बहुत जल्दी ठंडा हो जाता है. कंपनी का दावा है कि सिर्फ 5 मिनट में ही शरीर सामान्य हो जाता है.

हीट स्ट्रोक से बचाव में मददगार:

यह डिवाइस सिर्फ ठंडक ही नहीं देता, बल्कि गर्मी से होने वाली थकान और हीट स्ट्रोक से भी बचाता है. अगर कोई व्यक्ति ज्यादा देर धूप में रहा है, तो इसमें 10 मिनट बैठने से शरीर का तापमान काफी कम हो जाता है. खासकर मजदूरों, फैक्ट्री वर्कर्स और खुले में काम करने वालों के लिए यह बहुत फायदेमंद है.

बिजली की बचत और खास फीचर्स:

इस मशीन की खास बात यह है कि यह कम बिजली खर्च करता है. कंपनी के मुताबिक, यह नॉर्मल एसी के मुकाबले लगभग 50% कम बिजली लेता है. इसमें अलग-अलग कूलिंग सेटिंग्स भी दी गई हैं, जिन्हें यूजर अपनी जरूरत के हिसाब से चुन सकता है. साथ ही, 20 मिनट बाद यह अपने आप बंद हो जाता है, जिससे ज्यादा ठंड का खतरा नहीं रहता.

कीमत और उपलब्धता:

जापान में इस डिवाइस का इस्तेमाल शुरू हो चुका है. कई पब्लिक जगहों पर लोग इसे मुफ्त में इस्तेमाल कर रहे हैं. इसकी कीमत करीब 15 लाख येन यानी लगभग 9 लाख रुपये है. आने वाले समय में यह तकनीक और देशों में भी देखने को मिल सकती है.