नई दिल्ली: गर्मी का तापमान बहुत ज्यादा बढ़ गया है. बाहर तो आराम है ही नहीं और घर भी किसी भट्टी से कम नहीं है. घर को ठंडा रखने के लिए एसी का इस्तेमाल ज्यादा होने लगा है. जब एसी ज्यादा बढ़ता है तो बिजली का बिल भी बढ़ जाता है. यह फैक्टर लोगों को काफी परेशान करता है. न तो बिना एसी के रह सकते हैं और न ही बहुत ज्यादा बिजली बिल देना चाहते हैं. अगर आप भी इसी परेशानी से जूझ रहे हैं तो हम आपको इससे बचने की एक ट्रिक बता रहे हैं, लेकिन उससे पहले हम एक गलतफहमी क्लियर कर देते हैं.
बहुत से लोगों को ऐसा लगाता है कि अगर वो कुछ-कुछ देर के लिए एसी चलाएंगे और उसे बंद कर देंगे, तो इससे कम बिजली बिल आएगा. बहुत से लोग पैसे बचाने के लिए यह तरीका अपनाते हैं कि कमरा ठंडा हो जाने पर AC बंद कर देते हैं, और जब दोबारा गर्मी लगने लगती है तो उसे फिर से चालू कर लेते हैं. सुनने में तो यह आइडिया सही लगता है, लेकिन असल में ऐसा नहीं होता है.
हर बार जब आप AC चालू करते हैं, तो उसका कंप्रेसर उसे जीरो से शुरू कर देता है. इससे बिजली का खर्चा बढ़ जाता है. इसलिए, जब आप बार-बार AC को चालू और बंद करते रहते हैं, तो कंप्रेसर को भी कई बार दोबारा चालू होना पड़ता है. इससे बिजली की खपत कम होने के बजाय बढ़ जाती है. सिर्फ इतना ही नहीं, उसके इलेक्ट्रिकल पार्ट्स खराब हो सकते हैं. फिर भी अगर आपको यही करना है तो एसी को ऑफ करने के करीब 35 मिनट बाद ही उसे ऑन करें.
आजकल जो एसी आते हैं वो ज्यादा स्मार्ट हो गए हैं. ये इन्वर्टर एसी होते हैं, जिन्हें पता होता है कि जब कमरा ठंडा हो जाए तो कंप्रेसर को पूरी तरह बंद नहीं करना होता है. इसके बजाय वो स्पीड स्लो कर देता है. इससे बिजली की बचत होती है और सिस्टम पर बिना किसी अतिरिक्त जोर के, कमरे में लगातार एक जैसा ठंडा तापमान बना रहता है. इसके अलावा अगर आपके एसी में ऑटो मोड है तो आप उसे ऑन कर दें. यह रूम टेम्प्रेचर के हिसाब से अपने आप ही कूलिंग को एडजस्ट कर लेता है.