नई दिल्ली: गर्मी तेजी से बढ़ रही है. बिना एयर कंडीशनर के घर पर चैन नहीं मिल पा रहा है. कई लोग तो बिना रुके एसी चला रहे हैं, जिससे बिजली का बिल बहुत ज्यादा आने लगा है. गर्मी के दिनों में ज्यादा बिजली बिल से अगर आप परेशान हैं, तो हम आपको कुछ टिप्स दे रहे हैं, आपके पैसे बचाने में मदद करेंगे.
कई लोगों को लगता है कि अगर वो एसी को कम पर चलाएंगे तो कमरा ज्यादा ठंडा हो जाएगा. हालांकि, इसके ड्राबैक्स यूजर्स नहीं देख पाते हैं. अगर आप एसी को 16°C या 18°C पर सेट करके चलाते हैं, तो कमरा भले ही तेजी से ठंडा हो जाता है, लेकिन बिजली का बिल भी काफी ज्यादा आने लगता है. ऐसे में कुछ एक्सपर्ट्स के अनुसार, AC के लिए सबसे सही टेम्प्रेचर 24°C से 26°C के बीच होता है. इससे बिजली का बिल भी कम आता है.
अगर आप एसी में कम टेम्प्रेचर सेट करते हैं, तो इसका कंप्रेसर तेज से चलने लगता है और ज्यादा बिजली की खपत करता है. इससे कमरा तेजी से ठंडा हो जाता है और आपको ठंड लगनी शुरू हो जाती है. अगर आप एसी को 24°C पर लगातार चलाते हैं तो कम बिजली खर्च होती है. बता दें कि एक डिग्री तापमान 6% तक बिजली बचा सकता है. अगर आप अपनी ये छोटी-सी आदत बदल लें, तो आपकी जेब पर कम असर पड़ेगा.
अगर आप कम टेम्प्रेचर पर लगातार एसी चलाते हैं, तो इससे कंप्रेसर जल्दी खराब हो सकता है. सिर्फ कंप्रेसर का खराब होना ही नहीं बल्कि स्किन और गला सूखने जैसी परेशानी भी आने लगती हैं. कम टेम्प्रेचर पर एसी को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे कंप्रेसर समेत अन्य पार्ट्स पर असर पड़ता है.
कई नए इन्वर्टर AC में ऐसे फीचर्स दिए जाते हैं, जो बिजली बचाने में मदद कर सकते हैं, जिसमें ईको मोड, एआई कूलिंग और स्लीप मोड शामिल है. इसके साथ ही आपको एसी के फिल्टर को हमेशा साफ रखना चाहिए, क्योंकि गंदे फिल्टर होने पर एसी को ठंडी हवा फेंकने में काफी ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. गर्मी के दौरान हर 2 से 3 हफ्तों में फिल्टर साफ किए जाने चाहिए. इसके साथ ही आउटडोर यूनिट को भी साफ रखने की कोशिश करें.