Smartphone Audio Problem: स्मार्टफोन हम सभी इस्तेमाल करते हैं. यह हमारे जीवन का एक अहम हिस्सा है. इससे हम रोजमर्रा के कई काम करते हैं. चाहें किसी को पेमेंट करना हो या कॉल-मैसेज, स्मार्टफोन काफी जरूरी हो जाता है. हालांकि, इलेक्ट्रॉनिक सामान कब खराब हो जाए, यह कहना मुश्किल है. स्मार्टफोन की बात करें तो इसमें छोटी-मोटी दिक्कतें आती रहती हैं जिसके लिए लोग सर्विस सेंटर जाते हैं और हजारों रुपये खर्च कर आते हैं. हालांकि, अगर आप चाहें तो कई परेशानियों को आसानी से घर पर ही ठीक किया जा सकता है.
अगर आपके फोन में कॉल क्वालिटी सही नहीं आ रही है तो जरूरी नहीं कि कोई तकनीकी दिक्कत ही हो. इस तरह की परेशानियों को कई बार छोटी-मोटी सेटिंग्स से भी ठीक किया जा सकता है. यहां हम आपको ऐसे ही 4 तरीके बता रहे हैं जिनके जरिए इस परेशानी को ठीक किया जा सकता है.
आपको अपने फोन के माइक्रोफोन, ईयरफोन और स्पीकर को चेक करना होगा. इन्हें साफ करें. कई बार इनमें गंदगी जमने से भी वॉयस क्वालिटी कम हो जाती है. इन्हें साफ करने के लिए आप सुपर सॉफ्ट ब्रिसल टूथब्रश की मदद ले सकते हैं. हल्के हाथ से माइक्रोफोन, ईयरफोन और स्पीकर को ब्रश की मदद से साफ करें.
आजकल लगभग हर फोन में एचडी वॉइस या VoLTE फीचर होता है जिसे आप ऑन कर सकते हैं. कई फोन्स में कॉल करते समय टॉप-राइट कॉर्नर में एचडी कॉलिंग का ऑप्शन दिखाई देता है. इस पर क्लिक कर भी आप आसानी से कॉल क्वालिटी में सुधार कर सकते हैं. कुछ फोन्स में ये फीचर इन-बिल्ट होता है. वहीं, आप सेटिंग्स में जाकर VoLTE फीचर भी ऑन कर सकते हैं.
आजकल वाई-फाई कॉलिंग एक कॉमन फीचर हो गया है जिसकी मदद से आपको बेहतर कॉल क्वालिटी मिलती है. जहां पर सिग्नल कमजोर होते हैं वहां पर इस फीचर का इस्तेमाल किया जा सकता है. वाई-फाई कॉलिंग के लिए फोन और कैरियर दोनों का सपोर्ट होना जरूरी है.
अगर आपके आस-पास वाई-फाई का सपोर्ट नहीं है तो आप व्हाट्सएप, मैसेंजर, डुओ आदि की मदद से भी कॉलिंग कर सकते हैं. इससे भी आपको बेहतर कॉल क्वालिटी का एक्सपीरियंस मिलेगा.