उत्तराखंड में अब मानसून का असर कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है. प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश की गतिविधियां थम गई हैं और दिनभर तेज धूप खिल रही है.
पहाड़ी इलाकों में स्थिति थोड़ी अलग है. यहां दिन में धूप की तपिश लोगों को परेशान कर रही है, लेकिन रात होते ही तापमान में तेजी से गिरावट आने लगी है
मौसम में इस बदलाव का असर सुबह और शाम के समय साफ महसूस किया जा रहा है. इन दोनों पहर में हल्की ठंडक ने दस्तक दे दी है. यानी दिन में गर्मी और रात में ठंडक का दौर शुरू हो गया है.मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में किसी बड़े मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक उत्तराखंड में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. मैदानी इलाकों में धूप का असर अधिक देखने को मिल सकता है. खासकर हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में दिन के समय चटख धूप खिलने की संभावना है. वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान के बीच अंतर बढ़ सकता है.
कुमाऊं मंडल के कई इलाकों में आज मौसम साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने के बीच बना हुआ है. बागेश्वर में हल्के बादल छाए हैं. यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है. जिले में तीन सड़कें अभी भी बंद हैं. पिथौरागढ़ में आंशिक बादलों के बीच धूप खिली हुई है. चंपावत में भी हल्के बादलों के बीच धूप का दौर जारी है. यहां न्यूनतम तापमान 18 डिग्री और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं, नैनीताल में भी आज हल्के बादलों के बीच धूप खिली हुई है. कुल मिलाकर कुमाऊं के ज्यादातर हिस्सों में फिलहाल मौसम सामान्य बना हुआ है.
उत्तराखंड में मानसून की विदाई के साथ मौसम में बदलाव का असर अब धीरे-धीरे नजर आने लगा है. दिन में तेज धूप और रात में गिरते तापमान के कारण तापमान में अंतर बढ़ रहा है. आने वाले दिनों में यदि मौसम इसी तरह शुष्क रहा तो पहाड़ी इलाकों में रात और सुबह की ठंडक और महसूस की जा सकती है.