देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 20 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, सिक्किम, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट है.
मौसम विभाग के मुताबिक कुछ इलाकों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 से 72 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी भारत में बिजली गिरने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
दिल्ली में आज हल्की बारिश के साथ आंधी की भी संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक आज राष्ट्रीय राजधानी में तेज रफ्तार हवाएं भी चलने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश के नोएडा, मुजफ्फरनगर, मेरठ, अलीगढ़, हापुड़, हरदोई, झांसी, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया समेत कई जिलों में बारिश और आंधी का येलो अलर्ट है.
बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और बेगूसराय समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है. बिजली गिरने का भी खतरा है. झारखंड के देवघर, गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, गुमला और पलामू में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान के दौसा, झालावाड़, कोटा, अजमेर, टोंक, करौली, जोधपुर और झुंझुनू में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. मध्य प्रदेश के छतरपुर, उमरिया, भिंड, कटनी, इंदौर, बालाघाट, रतलाम, झाबुआ, मंडला और भोपाल में भी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है.
उत्तराखंड के चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है. हिमाचल के चंबा, शिमला, मंडी, सोलन, कांगड़ा और ऊना में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है.
ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटवर्ती इलाकों में तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. इसका प्रभाव बिहार और झारखंड के मौसम पर भी पड़ने की संभावना है. 21 सितंबर को पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी में अवदाब बनने और 22 सितंबर को इसके पश्चिमी-मध्य बंगाल की खाड़ी में गहन अवदाब में बदलने की संभावना जताई गई है.