menu-icon
India Daily

उत्तराखंड: पूर्व सैनिकों को विदेश में नौकरी का बड़ा मौका, अगस्त में मिल सकती है मंजूरी

UPNL ने करीब दो महीने पहले केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था. इसमें विदेश में कार्मिक भेजने की अनुमति मांगी गई है. मंजूरी मिलते ही युवा पूर्व सैनिक और उनके परिवार के सदस्य UAE, सऊदी अरब, कतर, ओमान, कुवैत जैसे खाड़ी देशों, यूरोप और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में काम कर सकेंगे.

antima
Edited By: Antima Pal
उत्तराखंड: पूर्व सैनिकों को विदेश में नौकरी का बड़ा मौका, अगस्त में मिल सकती है मंजूरी
Courtesy: X

देहरादून: उत्तराखंड के हजारों पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए खुशखबरी है. उपनल (UPNL) अब उन्हें विदेशों में अच्छी नौकरियां दिलाने की तैयारी कर रहा है. केंद्र सरकार से जरूरी अनुमति मिलने के बाद यह प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. सूत्रों के अनुसार अगस्त महीने में मंजूरी मिलने की उम्मीद है.

UPNL ने करीब दो महीने पहले केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा था. इसमें विदेश में कार्मिक भेजने की अनुमति मांगी गई है. मंजूरी मिलते ही युवा पूर्व सैनिक और उनके परिवार के सदस्य UAE, सऊदी अरब, कतर, ओमान, कुवैत जैसे खाड़ी देशों, यूरोप और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में काम कर सकेंगे.

किन पदों पर मिलेगी नौकरी?

विदेश में सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर, ड्राइवर, तकनीकी स्टाफ, प्रशासनिक पदों और अन्य स्किल्ड जॉब्स पर अवसर मिलने की संभावना है. ये नौकरियां सरकारी और निजी कंपनियों में होंगी.

कितनी सैलरी मिल सकती है?

अच्छी खबर यह है कि सैलरी आकर्षक होगी. अनुमान है कि 80 हजार से शुरू होकर 1.5 लाख रुपये तक मासिक सैलरी मिल सकती है. इसमें भोजन, रहने की सुविधा और अन्य भत्ते भी शामिल हो सकते हैं.

किसे मिलेगा फायदा?

उत्तराखंड के पूर्व सैनिक (एक्स-सर्विसमैन)
  
उनके आश्रित परिवार के सदस्य
  
UPNL में पंजीकृत योग्य युवा  

UPNL पहले से ही देश के अंदर अच्छी नौकरियां दे रहा है. वर्तमान में यह AIIMS, GAIL, Indian Oil (IOCL), ONGC और कई अन्य सरकारी व पब्लिक सेक्टर कंपनियों में पूर्व सैनिकों को तैनात कर रहा है. अब विदेशी अवसरों से युवाओं को और बेहतर भविष्य मिल सकेगा.

प्रक्रिया कैसी होगी?

UPNL में पहले पंजीकरण कराना होगा. सभी दस्तावेज जमा करने के बाद स्किल टेस्ट और इंटरव्यू होगा. सफल उम्मीदवारों को विदेश भेजने से पहले ट्रेनिंग भी दी जाएगी. पूरा प्रोसेस पारदर्शी रखा जाएगा.