देहरादून: देहरादून के हर्रावाला इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नवविवाहित शिक्षिका सृष्टि ने आत्महत्या कर ली. पुलिस को इस मामले में एक महत्वपूर्ण 90 सेकंड का वीडियो मिला है, जिसमें सृष्टि अपनी मानसिक पीड़ा बयान करती नजर आ रही हैं.
वीडियो में सृष्टि पहले 35 सेकंड तक फूट-फूटकर रोती रहीं. वे कुछ बोल नहीं पा रही थीं और लगातार आंसू पोंछती दिख रही थीं. रोते-रोते उन्होंने खुद को संभाला और अपनी मां से कहा- 'सॉरी मम्मी, अब सहा नहीं जाता.' यह वीडियो उन्होंने आत्महत्या से ठीक पहले अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया था.
सृष्टि ने वीडियो में बताया कि शादी के बाद से पिछले छह महीनों से वे लगातार मानसिक प्रताड़ना झेल रही थीं. ससुराल वाले उन्हें हर छोटी-बड़ी बात के लिए जिम्मेदार ठहराते थे. उन्हें बार-बार 'मनहूस' और 'बदनसीब' कहकर ताने दिए जाते थे. इससे उनकी मानसिक स्थिति बहुत खराब हो गई थी. उन्होंने कहा कि अब उनके अंदर सहन करने की कोई ताकत नहीं बची है. वीडियो के अंत में उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सोच कभी नहीं बदल सकती.
हर्रावाला क्षेत्र की रहने वाली सृष्टि एक शिक्षिका थीं. कुछ महीने पहले ही उनकी शादी हुई थी. परिवार के अनुसार शादी के बाद घरेलू कलह शुरू हो गई थी. सृष्टि कई बार अपनी परेशानी परिवार वालों को बताती रहीं, लेकिन स्थिति सुधरने की बजाय और बिगड़ती गई. आखिरकार उन्होंने यह कदम उठा लिया.
पुलिस ने इस वीडियो को मामले की जांच का अहम सबूत माना है. पुलिस अधिकारी बताते हैं कि वीडियो की फॉरेंसिक और तकनीकी जांच कराई जा रही है. इसमें लगाए गए आरोपों की पुष्टि गवाहों, अन्य सबूतों और पूछताछ के आधार पर ही की जाएगी. अगर आरोप सही पाए गए तो ससुराल पक्ष के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.