देहरादून: देहरादून स्थित यूपीईएस विश्वविद्यालय में एक छात्रा के पांच विषयों में बैक आने के बाद विवाद गंभीर रूप लेता दिखाई दे रहा है. विश्वविद्यालय की वाइस चांसलर डॉ. वीना दत्ता को कथित तौर पर चीन से फोन कर जान से मारने की धमकी दी गई है. इस मामले में प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है.
विश्वविद्यालय की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार पीयूष शर्मा नाम का एक व्यक्ति लगातार विश्वविद्यालय के अधिकारियों से संपर्क कर धमकी भरे फोन और संदेश भेज रहा था. आरोप है कि वह विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली एक छात्रा का सहारा लेकर अधिकारियों पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था.
शिकायत में कहा गया है कि वह छात्रा का न तो पिता है और न ही आधिकारिक अभिभावक है. विश्वविद्यालय को उसकी ओर से किसी प्रकार का अधिकृत प्रतिनिधित्व पत्र भी कभी नहीं दिया गया.
वाइस चांसलर डॉ. वीना दत्ता ने पुलिस को बताया कि संबंधित व्यक्ति लगातार अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बना रहा है. वह बार बार फोन कर अधिकारियों को डराने और धमकाने की कोशिश कर रहा था. इससे विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई.
पुलिस के अनुसार जिस छात्रा के नाम पर विवाद हो रहा है, उसके पांच विषयों में बैक आई है. इसी मामले को लेकर आरोपी लगातार विश्वविद्यालय प्रशासन पर दबाव बना रहा था. जांच के दौरान जिस फोन नंबर से धमकी दी गई, उसकी लोकेशन चीन की पाई गई. इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार मनीष मदान को भी धमकी भरे व्हाट्सएप ऑडियो संदेश भेजे गए. इन संदेशों में गंभीर चेतावनियां दी गईं. आरोप है कि संदेश में यह तक कहा गया कि यदि दो या तीन लोग खत्म भी हो जाएं तो कोई खास फर्क नहीं पड़ेगा. इस तरह की भाषा को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीर सुरक्षा खतरा माना.
धमकी मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी और अन्य अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. पुलिस अब कॉल रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कॉल वास्तव में चीन से की गई थी या किसी अन्य तकनीकी माध्यम का इस्तेमाल किया गया. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.