menu-icon
India Daily

उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह की विदाई, CM धामी ने की कार्यकाल की सराहना

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक गरिमामयी विदाई समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं.

Shilpa Shrivastava
Nasir Husain
Reported By: Nasir Husain
उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह की विदाई, CM धामी ने की कार्यकाल की सराहना
Courtesy: India Daily 24x7

उत्तराखंड: ​मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में आयोजित एक गरिमामयी विदाई समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का कार्यकाल प्रदेश के विकास, शिक्षा, युवा प्रोत्साहन, महिला सशक्तीकरण और पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रेरणादायी रहा है.
​
​मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने अपने अनुभव, दूरदर्शी सोच और सकारात्मक दृष्टिकोण से प्रदेश के विकास को एक नई दिशा दी है. उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शोध, कौशल विकास और नई पीढ़ी के सर्वांगीण विकास पर उनका विशेष जोर रहा. युवाओं को नवाचार, उद्यमिता और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उनके प्रयास उल्लेखनीय रहे.राज्यपाल ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और वीर सैनिकों के त्याग को सदैव विशेष सम्मान दिया, जिससे युवाओं में राष्ट्रनिर्माण की भावना को बल मिला.

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने आभार किया व्यक्त:

​विदाई समारोह के दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि.) ने मुख्यमंत्री, प्रदेश सरकार, प्रशासन और समस्त प्रदेशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्य करना उनके लिए सौभाग्य का विषय रहा. यहां की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आध्यात्मिक विरासत और प्राकृतिक वैभव को निकट से देखने का अवसर मिला. 

उत्तराखंड के लोगों से मिला स्नेह- गुरमीत सिंह

राज्यपाल ने भावुक होते हुए कहा कि उत्तराखंड के लोगों से प्राप्त स्नेह, विश्वास और आत्मीयता उनके कार्यकाल की सबसे अनमोल उपलब्धि है. उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य के ऊर्जावान युवाओं और आत्मनिर्भर महिलाओं के बलबूते उत्तराखंड विकास और जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर प्रगति करता रहेगा.

​मुख्यमंत्री आवास में आयोजित मुख्य विदाई समारोह के अतिरिक्त, लोक भवन में भी विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यपाल से भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. इस अवसर पर कई विशिष्टजन उपस्थित रहे.