menu-icon
India Daily

उत्तराखंड से सोमनाथ जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, 13 जुलाई को चलेगी विशेष आस्था ट्रेन

उत्तराखंड सरकार 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात के सोमनाथ धाम के लिए विशेष आस्था ट्रेन रवाना करेगी. इस यात्रा में 720 श्रद्धालु शामिल होंगे. ट्रेन को राज्यपाल और मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.

babli
Edited By: Babli Rautela
उत्तराखंड से सोमनाथ जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी, 13 जुलाई को चलेगी विशेष आस्था ट्रेन
Courtesy: AI

उत्तराखंड सरकार श्रद्धालुओं के लिए एक विशेष आस्था यात्रा का आयोजन करने जा रही है. संस्कृति विभाग की ओर से सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत 13 जुलाई को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से गुजरात स्थित सोमनाथ धाम के लिए विशेष ट्रेन चलाई जाएगी. इस धार्मिक यात्रा में 720 श्रद्धालु भाग लेंगे. सरकार का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना है.

राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे यात्रा का शुभारंभ

संस्कृति विभाग की योजना के अनुसार विशेष आस्था ट्रेन को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से राज्यपाल और मुख्यमंत्री हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इस अवसर पर स्टेशन पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. अतिथियों के लिए मंच, पंडाल, बैठक व्यवस्था और स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं. साथ ही ट्रेन को भी विशेष रूप से सजाया जाएगा ताकि यात्रा का माहौल धार्मिक और उत्साहपूर्ण बन सके.

रेलवे और संस्कृति विभाग ने तेज की तैयारियां

संस्कृति विभाग के निदेशक प्रदीप जोशी ने 8 जुलाई को मुरादाबाद मंडल के मंडलीय रेल प्रबंधक को पत्र भेजकर यात्रा से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है. उत्तर क्षेत्र आईआरसीटीसी के अनुरोध पर संस्कृति विभाग ने ट्रेन के लिए 9 लाख रुपए की रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि भी जमा करा दी है.

श्रद्धालुओं को मिलेंगी कई सुविधाएं

सरकार ने निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. इसके लिए सुबह का नाश्ता, दोपहर और रात का भोजन, पीने का स्वच्छ पानी, चाय, कॉफी, शीतल पेय, छाछ और पैक्ड नारियल पानी उपलब्ध कराया जाएगा. इसके अलावा ट्रेन में आवश्यक स्टाफ, नामित अधिकारी और संपर्क व्यवस्था भी मौजूद रहेगी ताकि यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति का तुरंत समाधान किया जा सके.

विशेष आस्था ट्रेन का हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर भी निर्धारित ठहराव रखा गया है. इससे हरिद्वार क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भी यात्रा में शामिल होने की सुविधा मिलेगी. रेलवे और संस्कृति विभाग मिलकर यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाने के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे हैं.