menu-icon
India Daily

नैनीताल में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 100 से ज्यादा सड़कें बंद; बागेश्वर में सरयू-गोमती उफान पर

उत्तराखंड में लगातार बारिश से 100 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं और कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. बागेश्वर में सरयू और गोमती नदियां उफान पर हैं.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
नैनीताल में भारी बारिश का रेड अलर्ट, 100 से ज्यादा सड़कें बंद; बागेश्वर में सरयू-गोमती उफान पर
Courtesy: Pinterest (Representative images)

नैनीताल: उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. राज्य के पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन के कारण 100 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं, जबकि कई नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और चंपावत में रेड अलर्ट जारी किया है.

वहीं देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. खराब मौसम को देखते हुए उत्तरकाशी, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ को छोड़कर 10 जिलों में स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है.

कैसी है वहां की स्थिति?

नैनीताल जिले में गुरुवार रात से लगातार तेज बारिश हो रही है. हल्द्वानी में भी देर रात से मूसलाधार बारिश का सिलसिला जारी है. जिले में आधा दर्जन से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं और नैनी झील का जलस्तर बढ़कर करीब 82 फीट तक पहुंच गया है. भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए जिले के सभी स्कूल बंद रखे गए हैं. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है.

बागेश्वर जिले में भी लगातार बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं. जिले की 13 सड़कें मलबा और पत्थर गिरने से बंद हो गई हैं. सरयू और गोमती नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, हालांकि अभी दोनों नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रही हैं. 

अल्मोड़ा में कैसा है मौसम?

अल्मोड़ा में सुबह से रिमझिम बारिश जारी है और मलबा आने से 10 ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए बंद हैं. पिथौरागढ़ में हल्के बादलों के बीच धूप निकली, लेकिन 18 सड़कें अब भी बाधित हैं.

गढ़वाल मंडल के कई इलाकों में भी बारिश का दौर जारी है. श्रीनगर गढ़वाल, नई टिहरी और कोटद्वार में लगातार बारिश हो रही है. कोटद्वार में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है. कोटद्वार सतपुली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि मशीनों की मदद से मार्ग को लगातार साफ किया जा रहा है. कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है और एक दर्जन से अधिक संपर्क मार्ग बंद हैं.

जिला प्रशासन ने क्या बताया?

बारिश के बीच राहत की बात यह है कि रुद्रप्रयाग जिले में श्री केदारनाथ यात्रा फिलहाल सुचारु रूप से संचालित हो रही है. जिला प्रशासन के अनुसार अलकनंदा, मंदाकिनी सहित सभी प्रमुख नदियों का जलस्तर चेतावनी और खतरे के निशान से नीचे है. 

जिला प्रशासन ने सभी विभागों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं. साथ ही यात्रियों और स्थानीय लोगों से किसी भी आपात स्थिति, भूस्खलन या मार्ग बंद होने की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को देने की अपील की गई है ताकि समय रहते राहत और बचाव कार्य किए जा सकें.