menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में फिर तेज हुआ बारिश का दौर, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; तापमान में आई गिरावट

उत्तराखंड में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ गई हैं. देहरादून समेत कई इलाकों में रविवार को तेज बारिश हुई, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ीं. मौसम विभाग ने आज सात जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में फिर तेज हुआ बारिश का दौर, 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट; तापमान में आई गिरावट
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से कमजोर पड़ा बारिश का सिलसिला रविवार को फिर तेज हो गया. देहरादून में करीब एक सप्ताह के अंतराल के बाद झमाझम बारिश देखने को मिली. वहीं कुमाऊं मंडल के अधिकांश हिस्सों में भी बादल जमकर बरसे,  साथ ही दिनभर बादलों की आवाजाही और बारिश के चलते मौसम सुहावना बना रहा.

राज्य में बारिश का सीधा असर तापमान पर भी पड़ा. देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली.

सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आज देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना जताई है. इन जिलों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो सकती है. इसके अलावा पूरे प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की आशंका भी बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार कुछ इलाकों में बारिश का दौर तीव्र से अति तीव्र हो सकता है. ऐसे में पर्वतीय क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

मौसम विभाग के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और देहरादून में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इन इलाकों में गरज के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं. राज्य के बाकी जिलों में भी कुछ जगह हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है.

अगले दो दिन भी सक्रिय रहेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी रह सकता है. खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बौछारें पड़ने की स्थिति बन सकती है. हालांकि बुधवार से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में कमी आने के संकेत हैं. इसके बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार होने की संभावना जताई गई है. फिलहाल भारी बारिश की चेतावनी वाले जिलों में लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति के अनुसार ही यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है.