नई दिल्ली: शनिवार का दिन भारतीय सैन्य अकादमी के इतिहास में एक खास उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया. पहली बार नियमित प्रशिक्षण पूरा करने वाली नौ महिला कैडेट युवा सैन्य अधिकारियों के रूप में भारतीय सेना का हिस्सा बनीं और उन्होंने एक नया अध्याय लिख दिया. इस ऐतिहासिक अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पासिंग आउट परेड में शामिल होकर कैडेटों का उत्साह बढ़ाया. उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल सेना के लिए नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और आधुनिक भारत की प्रगति का भी प्रतीक है.
राष्ट्रपति ने अपने संबोधन में कहा कि नौ महिला कैडेटों का सेना में अधिकारी बनना एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. उनके अनुसार यह उपलब्धि उस भारत की झलक दिखाती है, जहां महिलाएं हर क्षेत्र में नई जिम्मेदारियां संभाल रही हैं और देश के विकास में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं.
President Droupadi Murmu reviewed the passing out parade of the 158th Regular Course and the 141st Technical Graduate Course at the Indian Military Academy, Dehradun. The President said that as Army officers, the officer cadets will be responsible for leading, guiding and caring… pic.twitter.com/cClhQ1PPMP
— President of India (@rashtrapatibhvn) June 13, 2026
पासिंग आउट परेड के दौरान राष्ट्रपति ने नव नियुक्त अधिकारियों को नेतृत्व के वास्तविक अर्थ समझाए. उन्होंने कहा कि नेतृत्व केवल आदेश देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उसमें चरित्र, करुणा और कर्तव्यनिष्ठा भी शामिल होती है. देश की सुरक्षा और अखंडता की जिम्मेदारी अब इन युवा अधिकारियों के कंधों पर है.
राष्ट्रपति ने तेजी से बदलते वैश्विक माहौल और नई सुरक्षा चुनौतियों का भी उल्लेख किया. उन्होंने अधिकारियों से लगातार सीखते रहने, नई तकनीकों को अपनाने और नैतिक मूल्यों के साथ नेतृत्व विकसित करने की अपील की. साथ ही सैनिकों के मार्गदर्शन और उनकी देखभाल को भी अधिकारी की अहम जिम्मेदारी बताया.
अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने सभी कैडेटों को कठिन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई दी. उन्होंने परिवारों के त्याग और सहयोग को इस सफलता की मजबूत नींव बताया. साथ ही आईएमए के कमांडेंट, प्रशिक्षकों और स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने इन कैडेटों को जिम्मेदार सैन्य अधिकारी बनने के लिए तैयार किया है. उन्होंने मित्र देशों से आए कैडेटों को भी शुभकामनाएं दीं.