menu-icon
India Daily

Aishwarya Rai Birthday: एक्टिंग नहीं थी पहली पसंद, फिर कैसे ग्लोबल स्टार बनीं ऐश्वर्या राय?

ऐश्वर्या राय बच्चन 1 नवंबर को अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं. मिस वर्ल्ड बनने से पहले ही उन्हें चार फिल्मों के ऑफर मिल चुके थे और 'राजा हिंदुस्तानी' उनकी पहली फिल्म हो सकती थी.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
Aishwarya Rai Birthday: एक्टिंग नहीं थी पहली पसंद, फिर कैसे ग्लोबल स्टार बनीं ऐश्वर्या राय?
Courtesy: Pinterest

बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन आज यानी 1 नवंबर को अपना 52वां जन्मदिन मना रही हैं. फिल्मों में उनकी मौजूदगी भले ही पहले की तुलना में कम हो गई है, लेकिन उनकी लोकप्रियता आज भी बरकरार है. साल 1994 में मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद ऐश्वर्या राय ने दुनियाभर में अपनी पहचान बनाई थी. हालांकि, उनके फिल्मी सफर से जुड़ी कई ऐसी बातें हैं, जिनके बारे में शायद बहुत कम लोग जानते हैं.

ऐश्वर्या राय ने ग्लैमर की दुनिया में कदम फिल्मों से नहीं, बल्कि विज्ञापन से रखा था. जब वह स्कूल में 9वीं कक्षा में पढ़ती थीं, तभी उन्होंने कैमलिन पेंसिल के लिए विज्ञापन शूट किया था. इसके बाद साल 1993 में आमिर खान और महिमा चौधरी के साथ पेप्सी का विज्ञापन उनके करियर का बड़ा मोड़ साबित हुआ और उन्हें घर-घर में पहचान मिलने लगी.

'राजा हिंदुस्तानी' हो सकती थी डेब्यू फिल्म

ऐश्वर्या राय ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि मिस इंडिया और मिस वर्ल्ड प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने से पहले ही उन्हें फिल्मों के करीब चार ऑफर मिल चुके थे. अगर उन्होंने मिस इंडिया प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लिया होता, तो साल 1996 में रिलीज हुई आमिर खान और करिश्मा कपूर की 'राजा हिंदुस्तानी' उनकी पहली फिल्म हो सकती थी. हालांकि, बाद में उन्होंने 1997 में 'और प्यार हो गया' से बॉलीवुड डेब्यू किया.

मेडिकल के बाद आर्किटेक्चर की ओर बढ़ी थीं

ऐश्वर्या की पहली पसंद अभिनय नहीं थी. वह पहले मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाना चाहती थीं. बाद में उन्होंने आर्किटेक्चर की पढ़ाई का फैसला किया और मुंबई के रचना संसद एकेडमी ऑफ आर्किटेक्चर में दाखिला लिया. लेकिन मिस वर्ल्ड बनने के बाद लगातार मिल रहे फिल्म और मॉडलिंग के ऑफर्स के कारण वह अपनी पढ़ाई पूरी नहीं कर सकीं.

डायरेक्शन में भी करना चाहती हैं काम

ऐश्वर्या ने साल 2019 में एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि वह भविष्य में फिल्म डायरेक्ट करना चाहती हैं. उनके साथ काम करने वाले लोग भी उन्हें डायरेक्शन या प्रोडक्शन में आने के लिए प्रोत्साहित करते रहे हैं. उन्होंने माना था कि वह भविष्य में इस दिशा में गंभीरता से सोच सकती हैं.

कान फिल्म फेस्टिवल की जूरी का हिस्सा बनीं

साल 2003 में ऐश्वर्या राय कान फिल्म फेस्टिवल की जूरी में शामिल होने वाली पहली भारतीय अभिनेत्री बनी थीं. अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी मौजूदगी ने भारतीय सिनेमा को भी नई पहचान दिलाई. इसके अलावा, मैडम तुसाद में भी ऐश्वर्या राय का मोम का पुतला लगाया गया है.

ऐश्वर्या के नाम पर रखा गया ट्यूलिप का नाम

ऐश्वर्या राय की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि नीदरलैंड्स में ट्यूलिप की एक दुर्लभ किस्म का नाम उनके नाम पर रखा गया था. साल 2005 में उन्हें यह सम्मान मिला था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी वैश्विक लोकप्रियता और खूबसूरती के सम्मान में इस फूल को ऐश्वर्या राय के नाम से जोड़ा गया.

ऐश्वर्या राय ने आखिरकार साल 1997 में राहुल रवैल के निर्देशन में बनी फिल्म 'और प्यार हो गया' से बॉलीवुड में कदम रखा था. फिल्म में उनके साथ बॉबी देओल नजर आए थे. इसके बाद ऐश्वर्या ने हिंदी सिनेमा के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी खास पहचान बनाई और आज भी वह भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं.