उत्तराखंड के रुड़की के मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान शनिवार रात अचानक तनाव का माहौल बन गया. हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं के एक समूह की एक कार से टक्कर हो गई. आरोप है कि इस टक्कर में एक कांवड़ खंडित हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद कुछ कांवड़ियों का गुस्सा फूट पड़ा. देखते ही देखते मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कांवड़ खंडित होने की सूचना मिलते ही कुछ लोग कार पर टूट पड़े. कार के शीशे तोड़ दिए गए और वाहन को गंभीर नुकसान पहुंचाया गया. बताया जा रहा है कि कुछ युवक कार की छत पर भी चढ़ गए और वहां भी हंगामा करते रहे. खास बात यह रही कि जिस कार से टक्कर हुई, उसमें भी कांवड़ यात्रा से जुड़े लोग ही सवार थे. घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आए हैं, जिनमें तोड़फोड़ की घटनाएं दिखाई दे रही हैं.
भोले के भक्तों का हरिद्वार में तांडव.
— Ashish rai (@journorai) August 1, 2026
रुड़की के मंगलौर क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे एक कांवड़िए की कांवड़ पीछे से आई कार की टक्कर से खंडित हो गई। इससे नाराज कांवड़ियों ने गोल्डन ढाबे के पास कार में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे कुछ देर के लिए… pic.twitter.com/PaPPMbHIcN
सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराकर स्थिति को नियंत्रित किया. अधिकारियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले ही कार को काफी नुकसान पहुंच चुका था. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया, जिससे किसी बड़े विवाद को टाला जा सका.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद एक युवक का माफी मांगते हुए वीडियो भी सामने आया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि कार्रवाई केवल उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही होगी. फिलहाल एक युवक को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
सीओ मंगलौर के अनुसार, मामले में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज और वायरल वीडियो की जांच कर रही है ताकि सभी आरोपियों की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों से बचें और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें.