menu-icon
India Daily

कैंची धाम में आस्था का सैलाब, एक दिन में पहुंचे 30 हजार से ज्यादा भक्त; हाईवे पर कई घंटे फंसे वाहन

वीकेंड पर कैंची धाम में 30 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे, जिसके चलते अल्मोड़ा हाईवे पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया. कई जगह दो से तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगी और घंटों तक वाहन रेंगते रहे.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
कैंची धाम में आस्था का सैलाब, एक दिन में पहुंचे 30 हजार से ज्यादा भक्त; हाईवे पर कई घंटे फंसे वाहन
Courtesy: Pinterest

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के प्रसिद्ध कैंची धाम में वीकेंड पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. शनिवार को सुबह से ही बाबा नीम करौली के भक्त मंदिर पहुंचने लगे. दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच गई और शाम तक 30 हजार से अधिक भक्त कैंची धाम पहुंचे. बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से अल्मोड़ा हाईवे पर वाहनों का दबाव भी काफी बढ़ गया.

हाईवे पर वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण सुबह से शाम तक कई घंटे यातायात प्रभावित रहा. कई जगह वाहन रेंगते नजर आए. इस दौरान दो से तीन किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई. कैंची धाम आने वाले श्रद्धालुओं के अलावा अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रानीखेत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा.

सुबह से लगी थी भक्तों की कतार

शनिवार सुबह से ही कैंची धाम में बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की कतार लगनी शुरू हो गई थी. जैसे-जैसे दिन आगे बढ़ा, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई. शाम तक 30 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने से आसपास के इलाकों में भी यातायात का दबाव बढ़ गया.

सुबह करीब 10 बजे से शाम तक हाईवे पर वाहनों की रफ्तार कई जगह बेहद धीमी रही. जाम में फंसे लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ा. स्थिति से परेशान कई श्रद्धालु कई किलोमीटर दूर से पैदल ही कैंची मंदिर की ओर रवाना हुए.

पुलिस को भी करनी पड़ी मशक्कत

जाम की स्थिति को संभालने के लिए कैंची, खैरना और भवाली पुलिस की टीम यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में जुटी रही. भवाली कोतवाल प्रकाश मेहरा के अनुसार, वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ हाईवे पर कई जगह मलबा गिरा होने के कारण वन वे आवाजाही करनी पड़ी. इसी वजह से जाम की स्थिति बनी. पुलिस के सामने चुनौती सिर्फ बढ़ते यातायात की नहीं थी, बल्कि हाईवे पर जगह-जगह खड़े वाहनों ने भी परेशानी बढ़ाई.

गलत तरीके से पार्किंग बनी बड़ी वजह

गरमपानी क्षेत्र में हाईवे पर जाम का एक बड़ा कारण बेतरतीब ढंग से पार्क किए गए वाहन भी रहे. कैंची और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को आश्रम तक लेकर पहुंचे कुछ वाहन चालकों ने अपने वाहन गलत दिशा में पार्क कर दिए. इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और जाम बढ़ता चला गया.

क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति से जुड़े लोगों ने गलत दिशा में वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. जाम में फंसे लोगों ने भी समस्या का स्थायी समाधान किए जाने की मांग उठाई. उनका कहना है कि वीकेंड और ज्यादा भीड़ वाले दिनों में यातायात व्यवस्था को लेकर ठोस इंतजाम किए जाने की जरूरत है.