menu-icon
India Daily

‘आईएम सॉरी पापा मैंने आपका काफी खर्चा करा दिया…’, लड़की मोबाइल में ऑनलाइन लूडो में लाखों रुपये हारी तो कर ली खुदकुशी

हल्द्वानी की 21 वर्षीय बीएससी छात्रा हर्षिता जोशी ने ऑनलाइन लूडो गेम में लाखों रुपये हारने के बाद आत्महत्या कर ली. कमरे से मिले सुसाइड नोट में उसने अपने पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि वह अब और नहीं जी सकती. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Km Jaya
Edited By: Km Jaya
‘आईएम सॉरी पापा मैंने आपका काफी खर्चा करा दिया…’, लड़की मोबाइल में ऑनलाइन लूडो में लाखों रुपये हारी तो कर ली खुदकुशी
Courtesy: Social Media

उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो गेम खेलने वाली एक बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा ने आत्महत्या कर ली. 21 वर्षीय हर्षिता जोशी ने अपने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लाखों रुपये लूडो गेम में हारने की बात लिखी है.

यह घटना हल्द्वानी के बरेली रोड स्थित स्पेरो कॉलोनी की है. हर्षिता एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की छात्रा थी और अपने माता-पिता और भाई के साथ रहती थी. शुक्रवार को जब उसकी मां और भाई किसी काम से बाजार गए थे, तब हर्षिता ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों के लौटने पर घटना का पता चला और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

 

डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और एसटीएच अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया. 

लड़की के सुसाइड नोट में खुलासा

घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में हर्षिता ने लिखा कि वह लंबे समय से मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो गेम खेल रही थी. शुरुआत में उसे कुछ मुनाफा हुआ, लेकिन बाद में वह इस गेम की लत में ऐसी फंसी कि अपने माता-पिता के चार से पांच लाख रुपये हार गई. उसने लिखा, 'पापा, मैंने आपके पैसे बर्बाद कर दिए, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा... मुझे माफ कर देना.'

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

प्रेमानंद जोशी लड़की के पिता अल्मोड़ा जेल में जेल पुलिस में तैनात हैं. घटना के समय वह ड्यूटी पर थे. जैसे ही खबर मिली, परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण आत्महत्या का प्रतीत होता है. पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है.