menu-icon
India Daily

पति की सनक ने उजाड़ा परिवार, पत्नी की हत्या कर हुआ फरार, शरीर पर मिले 50 घाव

नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र के खनस्यूं गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. शुक्रवार की रात एक युवक ने अपनी पत्नी को डंडे से इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी मौत हो गई. आरोपी इसके बाद फरार हो गया. 

antima
Edited By: Antima Pal
पति की सनक ने उजाड़ा परिवार, पत्नी की हत्या कर हुआ फरार, शरीर पर मिले 50 घाव
Courtesy: X

उत्तराखंड: उत्तराखंड के नैनीताल जिले के ओखलकांडा क्षेत्र के खनस्यूं गांव में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. शुक्रवार की रात एक युवक ने अपनी पत्नी को डंडे से इतनी बुरी तरह पीटा कि उसकी मौत हो गई. आरोपी इसके बाद फरार हो गया. 

पति की सनक ने उजाड़ा परिवार

38 वर्षीय भीम सिंह अपने परिवार के साथ खनस्यूं में रहता था. उसकी पत्नी डिकरी देवी 35 साल की थीं. दंपति के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं. रात को घर लौटने के बाद भीम और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया. विवाद बढ़ते ही भीम ने गुस्से में डंडा उठा लिया और पत्नी पर बार-बार वार करने लगा. सिर से लेकर पैर तक शरीर पर करीब पचास घाव हो गए. चोटों के कारण डिकरी देवी की मौत हो गई.

पत्नी की हत्या कर हुआ फरार

हत्या के बाद भीम मौके से भाग निकला. बच्चों को देर रात तक कुछ पता नहीं चला. वे सोचते रहे कि मां सो रही है. सुबह जब शव से बदबू आने लगी तो सबसे बड़े बेटे राजू (10 साल) ने पर्दा हटाया. हकीकत सामने आते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई. राजू ने सबसे पहले पड़ोसियों को खबर दी. 

ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी. तल्ला ओखलकांडा थाने के एसआई अनीश अहमद के अनुसार मौके से डंडा बरामद कर लिया गया है. फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी एसटीएच भेज दिया गया है. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए तीन टीमें बनाई हैं. उसकी तस्वीर और पैंफलेट जारी कर लोगों से जानकारी देने की अपील की गई है.

स्थानीय लोगों का कहना है कि भीम नशे का आदी था. उसके बड़े भाई रुद्रपुर में निजी कंपनी में नौकरी करते हैं. इस घटना ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया है. चार मासूम बच्चे अब मां के साए से हमेशा के लिए वंचित हो गए हैं. गांव में हर किसी की आंखों में आंसू हैं. पिता की इस सनक ने हंसते-खेलते घर को बर्बाद कर दिया.