menu-icon
India Daily

उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी; 80 सड़कें बंद

उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच आज छह जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है. लगातार बारिश और भूस्खलन से प्रदेश की 80 सड़कें बंद हैं.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी, 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी; 80 सड़कें बंद
Courtesy: ANI

उत्तराखंड में मानसून एक्टिव है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के देहरादून केंद्र के अनुसार सोमवार को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश होने की संभावना है. 

मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. पर्वतीय इलाकों में तेज बारिश के दौरान भूस्खलन और रास्तों पर मलबा आने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पौड़ी में पहाड़ी दरकी, सड़क पर आवाजाही बंद

बारिश के बीच पौड़ी जिले के बीरोंखाल ब्लॉक में रविवार को बड़ा भूस्खलन हुआ. मैठाणाघाट–ग्वीन–रसियादेव मोटरमार्ग पर पहाड़ी का एक हिस्सा अचानक दरक गया. भूस्खलन इतना तेज था कि सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई. स्थानीय स्तर पर रास्ता खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं.

यमुना के तेज बहाव में फंसा श्रमिक बचाया गया

उत्तरकाशी में स्थिति गंभीर नजर आ रही है. खरादी झूला पुल के पास यमुना नदी का बहाव तेज होने के दौरान एक श्रमिक फंस गया. बचाव दल ने रस्सियों की मदद से श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

भारी बारिश और भूस्खलन का असर राज्य के सड़क नेटवर्क पर भी पड़ा है. प्रदेश में कुल 80 सड़कें बंद बताई गई हैं. इनमें दो राज्य राजमार्ग, एक मुख्य जिला मार्ग, 12 लोक निर्माण विभाग की सड़कें और 55 पीएमजीएसवाई व ग्रामीण विकास विभाग की सड़कें शामिल हैं. 

राजधानी देहरादून में सोमवार को आसमान आंशिक से सामान्य रूप से बादलों से घिरा रह सकता है. शहर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. कुछ स्थानों पर बारिश का दौर तेज भी हो सकता है. देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

नैनीताल में मूसलाधार बारिश, तमसा नदी उफान पर

नैनीताल में दोपहर बाद करीब दो घंटे तक तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ. देहरादून में टपकेश्वर महादेव मंदिर के मुख्य गेट के पास तड़के पुराने आम के पेड़ की बड़ी शाखा बिजली के तारों पर गिर गई. इससे कुछ कारें क्षतिग्रस्त हुईं और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही. वहीं, तमसा नदी का जलस्तर बढ़ने से वह उफान पर रही.